असम में भूपेश बघेल व गौरव गोगोई के काफिले पर पथराव, कारों के टूटे शीशे

      Date:

      • नगांव उपचुनाव के प्रचार के दौरान हुआ विवाद, काले झंडे दिखाने के बाद बढ़ा तनाव; पुलिस ने भीड़ को खदेडऩे के लिए किया लाठीचार्ज

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। असम के नगांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान सोमवार को कांग्रेस नेताओं के काफिले पर कथित पथराव की घटना सामने आई। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री व असम कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई सहित कांग्रेस नेताओं का काफिला चुनावी सभा के लिए जा रहा था। इसी दौरान समागुड़ी क्षेत्र के बरमा में विवाद की स्थिति बन गई और वाहनों पर पत्थर फेंके जाने की बात सामने आई।

          असम

          कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने काफिले को काले झंडे दिखाए और गो बैक के नारे लगाए। इसके बाद स्थिति बिगड़ गई। काफिले की कुछ गाडिय़ों पर पत्थर और बोतलें फेंकी गईं, जिससे वाहनों के शीशे टूट गए। घटना के दौरान एक कांग्रेस नेता के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि उनकी और भूपेश बघेल की गाड़ी को भाजपा कार्यकर्ताओं ने निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि पुलिस को पहले ही संभावित विरोध की जानकारी दी गई थी, लेकिन स्थिति को समय रहते नियंत्रित नहीं किया गया। काफिले में भूपेश बघेल और गौरव गोगोई के अलावा नगांव उपचुनाव की कांग्रेस प्रत्याशी सिबामोनी बोरा, धुबरी सांसद रकीबुल हुसैन और अन्य कांग्रेस नेता भी मौजूद थे।

          पुलिस और सुरक्षाबलों ने संभाला मोर्चा

          घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस और अर्धसैनिक बलों को मौके पर तैनात किया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की रिपोर्ट है। सुरक्षाबलों पर भी पथराव किए जाने की जानकारी सामने आई है। बाद में सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित किया। कांग्रेस ने घटना को लेकर पुलिस और प्रशासन से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद चुनाव प्रचार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

          नगांव उपचुनाव से पहले बढ़ा राजनीतिक तनाव

          यह घटना नगांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान हुई है। यहां 6 अक्टूबर को मतदान होना है। कांग्रेस ने सिबामोनी बोरा को उम्मीदवार बनाया है। चुनाव प्रचार के दौरान हुई इस घटना के बाद असम में कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related