CRPF में स्पोर्ट्स कोटे से 521 पदों पर निकली भर्ती, 10वीं-12वीं पास कर सकेंगे आवेदन

      Date:

      • बैडमिंटन से योग तक 22 खेल शामिल; लिखित परीक्षा नहीं, खेल प्रतिभा और शारीरिक दक्षता के आधार पर होगा चयन

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने खेल कोटे के तहत हेड कांस्टेबल (सामान्य ड्यूटी) और कांस्टेबल (सामान्य ड्यूटी) के 521 पदों पर भर्ती निकाली है। भर्ती में बैडमिंटन, मुक्केबाजी, फुटबॉल, हैंडबॉल, जूडो, कबड्डी, कराटे, निशानेबाजी, वुशु और योग समेत कुल 22 खेल शामिल किए गए हैं।

          भर्ती के तहत हेड कांस्टेबल के 182 पद और कांस्टेबल के 339 पद हैं। हेड कांस्टेबल पद के लिए वेतनमान 25,500 से 81,100 रुपये तथा कांस्टेबल पद के लिए 21,700 से 69,100 रुपये निर्धारित है। उम्मीदवार की आयु 1 अगस्त 2026 को 18 से 23 वर्ष के बीच होनी चाहिए। खिलाडिय़ों को अधिकतम पांच वर्ष और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु में अतिरिक्त छूट दी जाएगी। इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। चयन प्रक्रिया में पहचान जांच, दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षा, खेल परीक्षण, चिकित्सा परीक्षा और समीक्षा चिकित्सा परीक्षा शामिल होगी। सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये है। महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों से शुल्क नहीं लिया जाएगा।

          हेड कांस्टेबल के लिए 12वीं पास जरूरी

          हेड कांस्टेबल पद के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। साथ ही उम्मीदवार के पास निर्धारित स्तर की खेल उपलब्धि होनी चाहिए। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले, राष्ट्रीय खेलों में राज्य या केंद्रशासित प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले तथा निर्धारित राष्ट्रीय और विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक या निर्धारित स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी पात्र होंगे।

          कांस्टेबल के लिए 10वीं पास

          कांस्टेबल पद के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ जूनियर या सीनियर राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं, राष्ट्रीय खेल, राज्य विद्यालय टीम, विद्यालय खेल प्रतियोगिता, विश्वविद्यालय खेल, खेलो इंडिया युवा खेल या खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों में निर्धारित उपलब्धि रखने वाले खिलाड़ी आवेदन कर सकेंगे। भर्ती के लिए पात्रता और खेल उपलब्धियों से जुड़ी शर्तें पद और खेल के अनुसार अलग-अलग हैं। इसलिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में अपनी पात्रता और आवश्यक खेल प्रमाणपत्रों की जांच करना जरूरी होगा।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              जशपुर में दंतैल हाथी की मौत, गांव के पास मिला मृत, वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची

              जशपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के दुलदुला वन परिक्षेत्र के हल्दीमुंडा ढोढीआरा...