कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। संविधान दिवस के अवसर पर कलेक्टोरेट परिसर में अधिकारी-कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर उसके आदर्शों और मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान सभी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए जनहित एवं लोककल्याण के कार्यों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से निभाने का संकल्प लिया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल ने अधिकारी-कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया और शपथ दिलाई। उन्होंने संविधान की मूल भावना के अनुरूप देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के दौरान भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथ-निरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य बनाए रखने के संवैधानिक संकल्प को याद किया गया। साथ ही सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा तथा अवसर की समानता सुनिश्चित करने के आदर्शों पर प्रकाश डाला गया। अधिकारी-कर्मचारियों ने आपसी भाईचारे और बंधुता की भावना को मजबूत बनाने के साथ राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, संयुक्त कलेक्टर कौशल तेंदुलकर, डिप्टी कलेक्टर अभिषेक राठौर सहित कलेक्टोरेट की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

