कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34 स्थित पुरानी बस्ती दादर में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां घर के पास खेल रहा 3 साल का मासूम अभियांस पटेल अचानक संतुलन बिगडऩे से कुएं में जा गिरा। जहां पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक अभियांस घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह घर से लगी बाड़ी की ओर चला गया। कुएं के पास पहुंचते ही अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह कुएं में गिर गया। घटना के समय परिजनों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। जब बच्चा काफी देर तक घर में नजर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाड़ी की तरफ जाने पर उन्हें अभियांस कुएं में दिखाई दिया। परिजनों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अभियांस को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कुएं में पानी काफी बढ़ गया था और वह लबालब भरा हुआ था। अभियांस सतानंद पटेल का बेटा था। सतानंद खेती-किसानी के साथ बाड़ी में सब्जियां उगाने का काम करते हैं। अभियांस दो भाइयों में सबसे छोटा था और आंगनबाड़ी जाता था।
खुले कुओं की सुरक्षा को लेकर उठी मांग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने खुले कुओं को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में पानी से भरे खुले कुएं बच्चों के लिए बेहद खतरनाक हो जाते हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे कुओं की घेराबंदी कराने और लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की मांग की है।

