कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री एवं छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मंगलवार को कोहड़िया स्थित जिले के प्रथम पीपल-वट उद्यान में पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने उद्यान को लगातार विकसित करते हुए अधिक हराभरा, सुंदर और आकर्षक बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह उद्यान शहरवासियों के लिए प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने का बेहतर स्थान बने और यहां बच्चों के लिए खेलकूद व मनोरंजन की सुविधाएं भी विकसित की जाएं।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि उद्यान को व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप दिया जाना चाहिए। इसके लिए अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं और हरित क्षेत्र का विस्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में यही विकसित पेड़-पौधे लोगों को शीतल छाया देने के साथ स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में मदद करेंगे। उप मुख्यमंत्री ने उद्यान में बच्चों के लिए आवश्यक खेलकूद और मनोरंजन की सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि उद्यान को इस तरह विकसित किया जाए, जहां परिवार के लोग प्रकृति के बीच कुछ समय बिता सकें और बच्चों को भी सुरक्षित वातावरण में मनोरंजन व खेलकूद का अवसर मिल सके। इस अवसर पर वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, गोपाल मोदी सहित जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में नगर निगम के एमआईसी सदस्य नरेंद्र कुमार देवांगन, धन कुमारी गर्ग सहित अनेक पार्षद एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
रखरखाव और हरियाली संरक्षण के निर्देश
पौधरोपण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने उद्यान के नियमित रखरखाव, पौधों के संरक्षण और हरियाली को बनाए रखने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने उद्यान में नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने पर भी जोर दिया।
कोरबा में रक्तदान को मिलेगा विस्तार, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने ब्लड डोनेशन वैन को दिखाई हरी झंडी

