दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगेंगे रक्तदान शिविर, जरूरतमंद मरीजों को समय पर मिल सकेगा सुरक्षित रक्त
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में रक्तदान को बढ़ावा देने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा संचालित आधुनिक एवं पूर्णतः वातानुकूलित ब्लड डोनेशन वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

बता दे की डीएमएफ मद से प्राप्त इस आधुनिक ब्लड डोनेशन वैन के जरिए जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा सकेंगे। वैन में रक्तदान के लिए जरूरी सुविधाओं के साथ आधुनिक रक्तदान काउच भी उपलब्ध हैं। पूरी तरह वातानुकूलित होने के कारण रक्तदाताओं को रक्तदान के दौरान सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा। जिले में आयोजित होने वाले शासकीय एवं अधिकृत रक्तदान शिविरों में चिकित्सकों, प्रयोगशाला तकनीशियनों और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मचारियों की मौजूदगी में रक्तदान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मोबाइल वैन की मदद से विशेष रूप से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर रक्तदान शिविर आयोजित करना आसान होगा। इस अवसर पर वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रेडक्रॉस सोसाइटी के रामसिंह अग्रवाल और गोपाल मोदी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
नियमित रक्तदान से बनी रहेगी रक्त की उपलब्धता
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध रखने के लिए नियमित रक्तदान शिविरों का आयोजन जरूरी है। नई ब्लड डोनेशन वैन के माध्यम से अब इन शिविरों का विस्तार किया जा सकेगा। इस पहल से आम नागरिकों को अपने आसपास रक्तदान करने का सुविधाजनक अवसर मिलेगा। वहीं नियमित रक्तदान के माध्यम से जिले में रक्त का भंडार बनाए रखने और जरूरत के समय मरीजों को सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।
खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और ऊर्जा भरता है : उपमुख्यमंत्री अरुण साव

