एग्जाम से पहले प्रश्नपत्र मिलने के दावों से बढ़ी चिंता, 5 सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित
बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल में कथित साइबर सेंधमारी के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन सतर्क हो गया है। पोर्टल हैक होने की सूचना के बीच परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने की आशंका भी जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने बैठक कर जांच के लिए पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का गठन किया है, जिसे सात दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
विश्वविद्यालय में यूजी, पीजी सहित विभिन्न विभागों की सेमेस्टर परीक्षाएं जारी हैं। इस बीच कुछ छात्रों तक परीक्षा से पहले ऐसे प्रश्नपत्र पहुंचने का दावा किया गया है, जिनके प्रश्न परीक्षा में आए प्रश्नपत्रों से मेल खाते बताए जा रहे हैं। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने अब तक प्रश्नपत्र लीक होने की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि मामले की जांच जारी है। प्रबंधन के अनुसार, अभी तक केवल समर्थ पोर्टल में हैकिंग की आशंका सामने आई है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पोर्टल कब और किस प्रकार प्रभावित हुआ। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि प्रश्नपत्र लीक होने के पुख्ता प्रमाण फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं।
क्या है समर्थ पोर्टल
समर्थ पोर्टल का उपयोग प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा प्रबंधन, विद्यार्थियों के दस्तावेज, प्रशासनिक रिकॉर्ड और शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के लिए किया जाता है। पोर्टल पर विद्यार्थियों के आधार नंबर, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी और शैक्षणिक दस्तावेज जैसी संवेदनशील जानकारी भी उपलब्ध रहती है। ऐसे में डेटा सुरक्षा को लेकर छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।

