फ्लाइंग और ग्राउंड ड्यूटी शाखाओं में होगी नियुक्ति, 31 जनवरी 2027 को ऑनलाइन परीक्षा; स्नातक और इंजीनियरिंग डिग्रीधारी कर सकते हैं आवेदन
नई दिल्ली (एजेंसी)। भारतीय वायु सेना में अधिकारी बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए भर्ती का अवसर आया है। वायु सेना ने एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (एएफसीएटी) 01/2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के माध्यम से फ्लाइंग ब्रांच और ग्राउंड ड्यूटी की तकनीकी एवं गैर-तकनीकी शाखाओं में कुल 284 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 12 नवंबर से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 11 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके अलावा एनसीसी विशेष प्रवेश और गेट अंक के आधार पर भी अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा। चयनित उम्मीदवारों का प्रशिक्षण जनवरी 2028 से शुरू होगा।
31 जनवरी को होगी ऑनलाइन परीक्षा
वायु सेना की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, एएफसीएटी 01/2027 की ऑनलाइन परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सामान्य जागरूकता, अंग्रेजी, गणितीय योग्यता, तर्कशक्ति और सैन्य अभिरुचि से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। इसके लिए 300 अंक निर्धारित हैं और अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा। प्रत्येक सही उत्तर पर तीन अंक दिए जाएंगे, जबकि गलत उत्तर पर एक अंक काटा जाएगा। परीक्षा अंग्रेजी माध्यम में होगी।
फ्लाइंग और ग्राउंड ड्यूटी के लिए आयु सीमा
आयु की गणना 1 जनवरी 2028 के आधार पर की जाएगी।
फ्लाइंग ब्रांच: अभ्यर्थी की आयु 20 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। जन्म 2 जनवरी 2004 से 1 जनवरी 2008 के बीच होना जरूरी है। वैध और वर्तमान डीजीसीए वाणिज्यिक पायलट लाइसेंस धारकों को अधिकतम 26 वर्ष तक की आयु में छूट दी गई है।
ग्राउंड ड्यूटी (तकनीकी एवं गैर-तकनीकी): अभ्यर्थी की आयु 20 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए। जन्म 2 जनवरी 2002 से 1 जनवरी 2008 के बीच होना आवश्यक है।
शाखा के अनुसार शैक्षणिक योग्यता
फ्लाइंग ब्रांच: अभ्यर्थी ने 12वीं में गणित और भौतिकी विषयों के साथ पढ़ाई की हो। इसके साथ किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम तीन वर्षीय स्नातक डिग्री या चार वर्षीय बीई/बीटेक डिग्री होना जरूरी है।
ग्राउंड ड्यूटी तकनीकी शाखा: 12वीं में गणित और भौतिकी विषयों के साथ उत्तीर्ण होने के अलावा संबंधित इंजीनियरिंग या प्रौद्योगिकी विषय में चार वर्षीय डिग्री अथवा अधिसूचना में निर्धारित समकक्ष योग्यता आवश्यक है।
ग्राउंड ड्यूटी गैर-तकनीकी शाखा: प्रशासन और लॉजिस्टिक्स के लिए किसी भी विषय में न्यूनतम तीन वर्षीय स्नातक डिग्री जरूरी है। लेखा, शिक्षा और मौसम विज्ञान शाखाओं के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले संबंधित शाखा की विस्तृत पात्रता अधिसूचना में जांचने की सलाह दी गई है।
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
एएफसीएटी प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को 550 रुपये आवेदन शुल्क के साथ 18 प्रतिशत जीएसटी का भुगतान करना होगा। वहीं, एनसीसी विशेष प्रवेश और गेट अंक आधारित प्रवेश के लिए कोई आवेदन शुल्क नहीं देना होगा। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
अभ्यर्थी भारतीय वायु सेना की आधिकारिक आवेदन वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं।
सबसे पहले आधिकारिक आवेदन वेबसाइट पर जाएं।
एएफसीएटी 01/2027 आवेदन लिंक पर क्लिक करें।
नए अभ्यर्थी पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करें।
लॉगिन कर व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें।
निर्धारित प्रारूप में फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान अपलोड करें।
लागू आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें।
आवेदन पत्र में दर्ज सभी जानकारियों की जांच कर उसे जमा करें।
आवेदन पूरा होने के बाद फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
महत्वपूर्ण तिथियां
आवेदन शुरू: 12 नवंबर 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 11 दिसंबर 2026
ऑनलाइन परीक्षा: 31 जनवरी 2027
प्रशिक्षण प्रारंभ: जनवरी 2028
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले भारतीय वायु सेना की आधिकारिक अधिसूचना में पदों, शाखावार योग्यता और चयन प्रक्रिया की पूरी जानकारी अवश्य देख लें।
अग्निवीर वायु भर्ती 2027 के लिए आवेदन शुरू

