शासकीय स्कूलों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिलेगा विशेषज्ञ मार्गदर्शन, सप्ताह में चार दिन लगेंगी कक्षाएं
बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। ग्रामीण और शासकीय विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से एनटीपीसी सीपत ने ‘संकल्प’ निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम की शुरुआत की है। एनटीपीसी की सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक विकास पहल के तहत शुरू किए गए इस कार्यक्रम में शासकीय विद्यालयों के कक्षा 11वीं और 12वीं के 100 चयनित विद्यार्थियों को JEE और NEET की तैयारी कराई जाएगी। कार्यक्रम का उद्घाटन बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक रजनेश सिंह ने परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल की उपस्थिति में किया।

‘संकल्प’ के लिए आसपास के शासकीय विद्यालयों से विद्यार्थियों का चयन योग्यता आधारित प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया गया। इसमें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीपत, शासकीय हाईस्कूल दर्राभाटा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजी तथा स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय सीपत और पंधी के विद्यार्थी शामिल हुए। कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए 50-50 विद्यार्थियों के अलग-अलग बैच बनाए गए हैं। चयनित विद्यार्थियों को सप्ताह में चार दिन प्रतिदिन तीन घंटे पढ़ाया जाएगा। इस दौरान भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित और जीव विज्ञान जैसे विषयों की गहन तैयारी कराई जाएगी। उद्घाटन समारोह में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने एनटीपीसी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘संकल्प’ जैसे कार्यक्रम सामुदायिक विकास के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक यात्रा और चुनौतियों के अनुभव साझा करते हुए लगातार मेहनत करने और लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संसाधनों की सीमाओं के बावजूद प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलना जरूरी है।
अवसर का पूरा लाभ उठाएं विद्यार्थी
एसएसपी एवं डीआईजी रजनेश सिंह ने ‘संकल्प’ को महत्वपूर्ण सामाजिक पहल बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों को घर के नजदीक JEE और NEET जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी का अवसर मिलना बड़ी बात है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस सुविधा का पूरी मेहनत के साथ लाभ उठाने और अपने माता-पिता, समाज तथा राष्ट्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
डॉक्टर और इंजीनियर बनने का मिलेगा मंच
परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने कहा कि एनटीपीसी सीपत बिजली उत्पादन के साथ सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में भी लगातार काम कर रहा है। ‘संकल्प’ के माध्यम से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन मिलेगा और उन्हें भविष्य में डॉक्टर एवं इंजीनियर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। मानव संसाधन प्रमुख बी.बी. पात्रा ने बताया कि कलेक्टर के सुझाव के बाद इस योजना को तैयार किया गया। कक्षा 10वीं और 11वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में से 11वीं और 12वीं के 50-50 विद्यार्थियों का चयन किया गया।
व्यवस्थित पढ़ाई और नियमित मार्गदर्शन पर रहेगा जोर
उद्घाटन कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों के लिए नियुक्त फैकल्टी भी मौजूद रही। फैकल्टी ने विद्यार्थियों को कक्षाओं की कार्ययोजना, संचालन व्यवस्था और आवश्यक नियमों की जानकारी दी। ‘संकल्प’ के जरिए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, विषय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक व्यवस्थित शैक्षणिक मंच उपलब्ध कराया जाएगा। एनटीपीसी की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बिना किसी शुल्क के JEE और NEET जैसी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिलेगा।

