रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। जापान के नागोया में चल रहे एशियन गेम्स में भारत ने शुक्रवार को महज दो मिनट के भीतर स्वर्ण और रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। सुबह करीब 9 बजे सुरुचि इंदर सिंह और कमलजीत की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके ठीक दो मिनट बाद 50 मीटर राइफल तीन पोजिशन स्पर्धा में भारत को रजत पदक मिला। यह एशियन गेम्स में भारत का दूसरा स्वर्ण पदक है। इससे पहले महिला क्रिकेट टीम ने भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया था। निशानेबाजी में मिली इस सफलता से भारतीय पदक तालिका में भी बढ़त बनी है। फिलहाल भारत दो स्वर्ण सहित कुल 19 पदकों के साथ 12वें स्थान पर है। एशियन गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन निशानेबाजी तक सीमित नहीं है। पुरुष और महिला कबड्डी टीमें फाइनल में पहुंच चुकी हैं। वहीं, स्क्वॉश और टेबल टेनिस में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पदक पक्के कर लिए हैं। ऐसे में प्रतियोगिता के आगे बढ़ने के साथ भारत की पदक संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने दी बधाई
10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कमलजीत और सुरुचि इंदर सिंह ने एकाग्रता और सटीक निशानेबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। चौधरी ने कहा कि भारतीय निशानेबाजों की यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। दोनों खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर तिरंगे का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता देश के युवा खिलाड़ियों को बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
28 साल बाद एशियन गेम्स में भारत को वेटलिफ्टिंग पदक, मीराबाई चानू ने जीता रजत


