भीड़ का फायदा उठाकर वारदात, महिला गिरोह पर शक; पुलिस ने दर्ज किया मामला, CCTV फुटेज खंगालने में जुटी
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राजधानी रायपुर में कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की श्रीमद्भागवत कथा के दौरान निकाली गई कलश यात्रा में चेन चोरों ने महिला श्रद्धालुओं को निशाना बनाया। भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने पांच महिलाओं के गले से सोने की चेन पार कर दी। घटना के बाद सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई को महामाया मंदिर से इंडोर स्टेडियम तक निकाली गई कलश यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए थे। इसी दौरान संजय नगर निवासी ओमकुमारी वर्मा, अर्चना गुप्ता, सरस्वती अग्रवाल, लक्ष्मी यदु और बासन साहू की सोने की चेन चोरी हो गई। पीड़िता ओमकुमारी वर्मा ने बताया कि वह देवकीनंदन ठाकुर के स्वागत का मोबाइल से वीडियो बना रही थीं। इसी दौरान उन्हें पीछे खड़ी किसी महिला के हाथ का स्पर्श गले के पास महसूस हुआ। कुछ देर बाद जब उन्होंने मोबाइल से सेल्फी ली तो पता चला कि गले से सोने की चेन गायब है। उनके अनुसार चोरी हुई चेन का वजन करीब 17.5 ग्राम था, जिसकी कीमत दो लाख रुपये से अधिक है।
थाने पहुंचने पर सामने आया पूरा मामला
ओमकुमारी वर्मा ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने जब वह थाने पहुंचीं तो पुलिस ने पहले ही पूछ लिया कि क्या उनकी भी चेन चोरी हुई है। तब उन्हें जानकारी मिली कि उनसे पहले भी कई महिलाएं इसी तरह की शिकायत दर्ज करा चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं और भीड़ का फायदा उठाकर किसी महिला गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया है। आयोजन के दौरान कई अन्य महिलाओं ने भी जेवर और सामान चोरी होने की शिकायत की है। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कलश यात्रा मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही अन्य पीड़ितों की शिकायतों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

