“कैसे हो दीदी… बताओ कका” कहकर कलेक्टर ने सुनी लोगों की पीड़ा, जनदर्शन में 103 आवेदकों की समस्याओं पर हुई सुनवाई

      Date:

      • कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आत्मीयता से सुनी ग्रामीणों की फरियाद, स्वरोजगार से लेकर मुआवजा और आवास तक के मामलों में अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश

          कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जनसमस्याओं का समाधान केवल आवेदन लेने और अधिकारियों को निर्देश देने तक सीमित नहीं होता, बल्कि लोगों की बातों को संवेदनशीलता और अपनत्व के साथ सुनना भी प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत के सोमवार को आयोजित जनदर्शन में इसकी झलक देखने को मिली। कोई महिला नौकरी की उम्मीद लेकर पहुंची थी तो कोई बुजुर्ग अपने गांव की समस्या लेकर आया था। कलेक्टर ने सभी की बातें धैर्यपूर्वक सुनीं और सहज अंदाज में किसी से पूछा, ”कैसे हो दीदी” तो किसी बुजुर्ग से कहा, ”बताओ कका, क्या परेशानी है?” उनके इस आत्मीय व्यवहार से लोगों को खुलकर अपनी बात रखने का अवसर मिला। इस जनदर्शन में कुल 103 आवेदकों ने अपनी समस्याएं और मांगें रखीं।

          कलेक्टर कुणाल दुदावत

          जनदर्शन में गोद में छोटे बच्चे को लेकर पहुंची एक महिला ने शासकीय नौकरी दिलाने की मांग रखी। उसकी बात सुनने के बाद कलेक्टर ने समझाया कि सरकारी नौकरी निर्धारित रिक्त पदों और भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से ही मिलती है। हालांकि, उन्होंने महिला को स्वरोजगार के विकल्पों की जानकारी देते हुए बकरी पालन, मुर्गी पालन, मछली पालन और स्वसहायता समूह से जुड़कर आजीविका शुरू करने के सुझाव दिए। महिला की सहमति मिलने पर कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

          सोमवार को आयोजित जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना, वन अधिकार पट्टा, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, महतारी वंदन योजना की राशि, बिजली बिल में सुधार, विद्युत लाइन विस्तार, बसाहटों में मूलभूत सुविधाएं, नगर निगम क्षेत्र में पट्टा सर्वे से संबंधित दावा-आपत्तियां, आरबीसी 6-4 के तहत आर्थिक सहायता और पुल-पुलिया निर्माण सहित विभिन्न विषयों पर आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए नियमानुसार जांच और निराकरण करने के निर्देश दिए। आवश्यकता के अनुसार उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार और विभागीय अधिकारियों से फोन पर भी चर्चा की।

          महतारी वंदन की राशि नहीं मिलने पर महिलाओं को बताई प्रक्रिया

          महतारी वंदन योजना की राशि नहीं मिलने की शिकायत लेकर पहुंची महिलाओं ने बताया कि वे पहले निर्धारित समय में आवेदन जमा नहीं कर पाई थीं। इस पर कलेक्टर ने उन्हें आवेदन की प्रक्रिया और निर्धारित अवधि की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन की ओर से नए आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू होने पर वे आवेदन कर सकेंगी और पात्रता के अनुसार योजना का लाभ प्राप्त कर सकती हैं। जनदर्शन में शासकीय जमीन पर कब्जे की शिकायत और भूमि का पट्टा देने की मांग से जुड़े आवेदन भी पहुंचे। कलेक्टर ने आवेदकों को बताया कि शासकीय भूमि का उपयोग स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के लिए भी आवश्यक होता है। ऐसे मामलों में जमीन की वास्तविक स्थिति और संबंधित नियमों के परीक्षण के बाद ही निर्णय लिया जा सकता है।

          साइबर ठगी के मामले में सतर्क रहने की दी सलाह

          एक आवेदक ने अपने बैंक खाते से साइबर ठगी के जरिए निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग रखी। शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर ने डिजिटल लेनदेन में सावधानी बरतने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि पढ़े-लिखे और इंटरनेट का नियमित इस्तेमाल करने वाले लोग भी साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं। इसलिए किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी साझा नहीं करना चाहिए और उसके कहने पर कोई लेनदेन नहीं करना चाहिए। ग्राम चचिया के धान खरीदी केंद्र के स्थान और संचालन को लेकर गांव के दो पक्ष अलग-अलग आवेदन लेकर पहुंचे थे। कलेक्टर ने दोनों पक्षों की बात सुनकर आपसी सहमति से विवाद का समाधान निकालने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आपसी विवाद के कारण धान खरीदी केंद्र का संचालन प्रभावित होने पर सबसे अधिक परेशानी गांव के किसानों को होगी। उपार्जन केंद्र के सुचारू संचालन से किसानों को धान बेचने के साथ बीज और ऋण जैसी कृषि सुविधाओं का लाभ लेने में भी सहूलियत मिलती है।

          अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरे करने सरपंचों को निर्देश

          लबेद, बक्साही, अरसिया और रजगामार सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों ने गांव में विकास कार्यों की मांग को लेकर आवेदन सौंपे। कलेक्टर ने उनसे पहले से स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन, स्कूल भवन, सीसी रोड और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने और उपयोगिता प्रमाण पत्र जमा करने के निर्देश दिए, ताकि नए विकास कार्यों की स्वीकृति पर आगे निर्णय लिया जा सके। जिन कार्यों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं थी, उनकी तस्वीरें मंगवाकर प्रगति की जानकारी देने को कहा गया। कलेक्टर ने सरपंचों से कहा कि पहले से स्वीकृत कार्यों को समय पर पूरा कराएं, इसके बाद नए कार्यों को स्वीकृति देने की दिशा में पहल की जाएगी। इस पर जनप्रतिनिधियों ने भी अधूरे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने का भरोसा दिलाया।

          सड़क निर्माण से प्रभावित परिवारों और भू-विस्थापितों की भी सुनी समस्या

          ग्राम तरदा के पास सड़क निर्माण के कारण वर्षों पुराने मकानों के प्रभावित होने की शिकायत लेकर ग्रामीण जनदर्शन में पहुंचे। कलेक्टर ने संबंधित अभिलेखों और उपलब्ध उपग्रह चित्रों के आधार पर निवास एवं निर्माण की स्थिति की जांच कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि परीक्षण और लागू प्रावधानों के अनुसार मुआवजा, पुनर्वास अथवा अन्य सहायता के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह कुसमुंडा खदान परियोजना से जुड़े भू-विस्थापितों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। कलेक्टर ने महाप्रबंधक से संबंधित मामलों की जानकारी लेकर पात्र लोगों के प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

          गांव की समस्याओं और विकास कार्यों की भी लेते हैं जानकारी

          जनदर्शन के दौरान कलेक्टर केवल आवेदकों की व्यक्तिगत समस्याएं ही नहीं सुनते, बल्कि उनके गांवों में स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य सुविधाओं और विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी भी लेते हैं। इससे प्रशासन को ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक जरूरतों को समझने में मदद मिलती है। जनदर्शन में हर समस्या का समाधान उसी दिन संभव नहीं होता, लेकिन आवेदकों की बात ध्यान से सुनना, उन्हें प्रक्रिया समझाना और संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपना समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर ओमकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

          जनदर्शन में 141 आवेदनों पर सुनवाई, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              राज्यपाल ने सरस्वती महाविद्यालय को दिए 10 कंप्यूटर और प्रिंटर

              विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध...