रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, चिकित्सा अधोसंरचना के विकास, औषधि आपूर्ति और किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। विशेष रूप से दूरस्थ, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेशवासियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुविधाएं राज्य के भीतर ही उपलब्ध हो सकें। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को जानकारी दी कि राज्य सरकार ने किसानों को खरीफ सीजन में खाद और बीज की पर्याप्त एवं समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त न किया जाए। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में गांव-गांव अभियान चलाकर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।
नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार खेती में लागत कम करने और उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा दे रही है। इसके लिए किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे वे नई तकनीकों को अपनाकर बेहतर उत्पादन हासिल कर सकें। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण के क्षेत्र में विकास को नई गति देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। राज्य के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय को और मजबूत बनाया जा रहा है। बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, किसानों के हित में उठाए जा रहे कदमों और जनकल्याण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से स्वास्थ्य सहित अन्य विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
जनजातीय गौरव को सहेजते हुए विकास के नए आयाम गढ़ रही सरकार : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

