जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी जनता की समस्याएं, बच्चों की पढ़ाई और किसानों की परेशानी पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

      Date:

      • 149 आवेदन पहुंचे, शिक्षा, छात्रावास, पेट्रोल पंप अनियमितता और जनसुविधाओं से जुड़े मामलों पर प्रशासन गंभीर

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस जनदर्शन में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 149 आवेदन प्राप्त हुए।

          जनदर्शन कार्यक्रम

          जनदर्शन में कटघोरा क्षेत्र के ग्राम नवागांव निवासी महेश्वर नाथ सहिस ने आर्थिक संकट के कारण अपने बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की समस्या रखते हुए सहायता की मांग की। उन्होंने बताया कि पत्नी के निधन और दुर्घटना में पैर टूटने के कारण वह काम करने में असमर्थ हैं, जिससे बच्चों की शिक्षा और परिवार के भरण-पोषण में दिक्कत आ रही है। मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को बच्चों की पढ़ाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास में आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने और बालिका को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में प्रवेश दिलाने की प्रक्रिया तेज करने को कहा।

          इसी दौरान हरदीबाजार निवासी विष्णु कुमार यादव ने किसानों की समस्या उठाते हुए शिकायत दर्ज कराई कि सुपेतपारा, रेंकी और अण्डीकछार क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर खरीफ सीजन में ट्रैक्टरों के लिए पर्याप्त डीजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। शिकायत में पेट्रोल पंप संचालन में अन्य अनियमितताओं की भी जानकारी दी गई। इस पर कलेक्टर ने खाद्य विभाग को तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और शिकायत सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

          अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश

          जनदर्शन में सीमांकन, मुआवजा भुगतान, रोजगार, दिव्यांगजन सहायता, बिजली आपूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित राशि, राशन कार्ड, कृषक पंजीयन, वनाधिकार पट्टा, नक्शा सुधार, पेयजल व्यवस्था, हैंडपंप स्थापना और छात्रवृत्ति सहित कई जनहित से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई कर निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच है और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।

          जरूरतमंद बच्ची को मिली स्कूल ड्रेस, किताबें और शैक्षणिक सामग्री

          जनदर्शन कार्यक्रम

          जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान एक जरूरतमंद परिवार की बच्ची की शिक्षा बाधित न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने संवेदनशील पहल करते हुए तत्काल सहायता उपलब्ध कराई। पुरानी बस्ती, रानी रोड निवासी श्रीमती सुप्रिया मतवानी ने जनदर्शन में कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह अपनी पुत्री की पढ़ाई के लिए स्कूल ड्रेस, कॉपी-किताबें और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री खरीदने में असमर्थ हैं। उनकी पुत्री इस सत्र में इम्प्रेसिव मॉन्टेसरी प्ले स्कूल में केजी-1 कक्षा में प्रवेश ले रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा विभाग ने बच्ची के लिए स्कूल यूनिफॉर्म, पाठ्यपुस्तकें, कॉपियां, स्कूल बैग और जूते सहित आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से श्रीमती सुप्रिया ने खुशी जाहिर करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। यह पहल दर्शाती है कि शासन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उनकी पढ़ाई में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

          जनदर्शन में 141 आवेदनों पर सुनवाई, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related