अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कोरबा में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोरबा शहर स्थित लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन हॉल में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसने आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव, चिंता और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बीच योग एक प्रभावी समाधान बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है, जो व्यक्ति के शरीर, मन और बुद्धि के संतुलित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है और आज करोड़ों लोग इससे लाभान्वित हो रहे हैं।
मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और युवाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती विकसित करने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि प्रतिदिन इसे अपनाकर परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयीन छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
स्वस्थ जीवन के लिए योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में कई प्रकार की बीमारियों से बचने के लिए योग सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि योग से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं तथा शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के निर्देशन में पूरे देश और प्रदेश में योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है तथा सभी नागरिकों को इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
योग से बढ़ती है शारीरिक और मानसिक दक्षता
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में योग का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि योग शरीर को स्वस्थ रखने का सबसे अच्छा माध्यम है। योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं बल्कि शरीर और मन के संतुलन का माध्यम है, जिससे व्यक्ति की शारीरिक एवं मानसिक दक्षता में वृद्धि होती है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग के लिए समय निकालने और योगमय जीवन अपनाकर निरोग बनने की अपील की।
विभिन्न योगासन और प्राणायाम का कराया गया अभ्यास
कार्यक्रम में योग शिक्षक रामेश्वर प्रसाद पांडे ने योग के महत्व की जानकारी देते हुए नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने ताड़ासन, पवन मुक्तासन, हलासन, शवासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और प्राणायाम सहित कई योग क्रियाओं का सामूहिक अभ्यास किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नियमित योग, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने की शपथ दिलाई गई। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन ने समाज को यह संदेश दिया कि यदि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए तो एक स्वस्थ, जागरूक, सशक्त और विकसित समाज का निर्माण संभव है।

