कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। भारत सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के तहत 16 जून से 30 जून 2026 तक आयोजित किए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में स्वच्छता शपथ कार्यक्रम के साथ किया गया।

इस अवसर पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने मुख्यालय स्थित प्रशासनिक भवन के आगंतुक कक्ष में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमसंघ प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वच्छता को बताया सामाजिक जिम्मेदारी
अपने संबोधन में हरीश दुहन ने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं बल्कि संस्थागत संस्कृति और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने सभी कर्मियों से स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही स्वच्छ भारत के लक्ष्य को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सकता है।
सभी इकाइयों में चलेंगे विशेष अभियान
एसईसीएल प्रबंधन के अनुसार स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान कंपनी की सभी इकाइयों एवं प्रतिष्ठानों में स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम और विभिन्न सहभागिता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों की भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
एसईसीएल ने मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का किया लोकार्पण, 200 केंद्रों के उन्नयन पर 4.72 करोड़ खर्च

