समयमान वेतनमान, पदोन्नति, समूह बीमा, कैशलेस चिकित्सा, नियमितीकरण सहित विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा, शासन को प्रस्ताव भेजने का निर्णय
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर पालिक निगम कोरबा में कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर बुधवार को निगम कर्मचारी परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने की। यह बैठक निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत भवन में सम्पन्न हुई, जिसमें कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में छत्तीसगढ़ स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधियों ने कर्मचारी हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव समिति के समक्ष प्रस्तुत किए। महासंघ के महामंत्री अरूण मिश्रा ने कर्मचारियों की लंबित मांगों को विस्तार से रखते हुए आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। बैठक में इन सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया तथा संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजने पर सहमति बनी। बैठक के दौरान कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई अहम विषयों को प्रमुखता से उठाया गया। इनमें कर्मचारियों को समयमान वेतनमान का लाभ, लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करना, रिक्त पदों पर सीधी भर्ती, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण, तथा प्लेसमेंट पर कार्यरत कम्प्यूटर ऑपरेटरों के वेतन में वृद्धि जैसे मुद्दे शामिल रहे। इसके अलावा कर्मचारियों के लिए समूह बीमा योजना लागू करने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, संविदा नियुक्ति की परंपरा समाप्त करने, तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती, एलएसजीडी का पृथक इंक्रीमेंट जोड़ने, तथा विभागीय कर्मचारियों को योग्यता के अनुसार आवास आवंटन एवं आवासों की मरम्मत जैसे प्रस्ताव भी रखे गए।
शासन को भेजे जाएंगे आवश्यक प्रस्ताव
बैठक में उपस्थित समिति सदस्यों ने कर्मचारियों की मांगों को उचित बताते हुए संबंधित विषयों पर आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने का निर्णय लिया, ताकि कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान शीघ्र किया जा सके।बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त पवन वर्मा, लेखाधिकारी भवकांत नायक सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।इसके साथ ही कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला, निगम अध्यक्ष आनंद दुबे, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर समेत कर्मचारी संगठन के अनेक पदाधिकारी और कर्मचारी बैठक में शामिल हुए।
सड़क किनारे कबाड़ डंप कर गंदगी फैलाने पर निगम ने लगाया 20 हजार का जुर्माना

