कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के पाली थाना क्षेत्र के नुनेरा गांव में गुरुवार को तीन नाबालिग सहेलियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं और दोपहर में नहाने के लिए तालाब पहुंची थीं। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। तालाब के किनारे बच्चियों के कपड़े और चप्पल मिलने के बाद आशंका गहराई और तलाश के दौरान एक बच्ची का शव पानी में दिखाई दिया। बाद में दो अन्य बच्चियों के शव भी बरामद कर लिए गए।

मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान इंदु अगरिया (7), राखी (8) और साधना (8) के रूप में हुई है। तीनों कक्षा पहली की छात्राएं थीं और किसान परिवार से ताल्लुक रखती थीं। गुरुवार को उनके परिजन काम के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान तीनों सहेलियां स्कूल जाने के बजाय तालाब में नहाने चली गईं। शाम को परिजन घर लौटे तो बच्चियां वहां नहीं मिलीं। इसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की गई। एक ग्रामीण जब तालाब की ओर पहुंचा तो मेड़ पर बच्चियों के कपड़े और चप्पल दिखाई दिए। इसी दौरान एक बच्ची का शव पानी में तैरता मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बाकी दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
एक को बचाने के प्रयास में डूबने की आशंका
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान पहले एक बच्ची गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी होगी। उसे बचाने के प्रयास में दोनों सहेलियां भी पानी में उतर गईं और तीनों हादसे का शिकार हो गईं। हालांकि घटना की वास्तविक स्थिति पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। एक बच्ची का शव पहले बरामद हुआ, जिसके बाद अन्य दोनों की तलाश की गई। तीनों शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खेलते-खेलते कुएं में गिरा 3 साल का मासूम, डूबने से मौत, कोरबा के पुरानी बस्ती दादर की घटना

