कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। लोकसभा सांसद ज्योत्सना महंत ने गुरुवार को कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में आयोजित प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में क्षेत्र से जुड़े रेल, भू-विस्थापन, रोजगार, स्वास्थ्य, सड़क और पर्यटन सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कोरबा से रेलवे को बड़े पैमाने पर राजस्व मिलता है, लेकिन यात्री सुविधाओं, नई ट्रेनों, ठहराव और रेल विस्तार के मामले में क्षेत्र को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
इस दौरान उन्होंने आगे कहा कि कोरबा से बड़ी मात्रा में कोयला परिवहन होने के बावजूद यात्री सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कोरोना काल में बंद हुई ट्रेनों को दोबारा शुरू कराने के लिए उन्होंने रेल अधिकारियों और रेल मंत्रालय के समक्ष लगातार मांग रखी, लेकिन कई मामलों में अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। तीजा-पोरा जैसे पर्वों के दौरान स्थानीय ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को हुई परेशानी का भी उन्होंने उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रेलवे की प्राथमिकता केवल कोयला परिवहन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यात्रियों को बेहतर सुविधा, पर्याप्त ट्रेनें और सुगम आवागमन भी मिलना चाहिए। पे्रस वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, विधायक फुलसिह राठिया, हरीश परसाई, मुकेश राठौर, मनोज चौहान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
भू-विस्थापितों के पुनर्वास का उठाया मुद्दा
सांसद महंत ने भू-विस्थापन से प्रभावित परिवारों के मुद्दे पर भी सरकार और संबंधित संस्थानों से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि कई मामलों में जमीन जाने के बाद भी प्रभावित परिवारों को रोजगार और अन्य अधिकारों का पूरा लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने पुनर्वास और रोजगार से जुड़े मामलों के शीघ्र निराकरण की आवश्यकता बताई।
स्वास्थ्य और सड़क व्यवस्था पर भी चिंता
उन्होंने कोरबा मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार तथा एमबीबीएस और पीजी सीटें बढ़ाने की जरूरत बताई। साथ ही कोरबा ईएसआईसी अस्पताल में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और अन्य पदों की कमी का मुद्दा उठाया। उनके अनुसार अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध होने से मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। सड़क और यातायात व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि कोरबा में खराब सड़कों की समस्या गंभीर है। उन्होंने संबंधित विभागों से सड़क निर्माण और सुधार कार्यों में तेजी लाने की बात कही।
डीएमएफ राशि का क्षेत्र में उपयोग करने की मांग
सांसद ने जिला खनिज न्यास मद की राशि का अधिक से अधिक उपयोग प्रभावित क्षेत्रों में करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खनन प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। साथ ही कार्यक्रम के दौरान सांसद महंत ने प्रेस क्लब तिलक भवन में विस्तार कार्यों के लिए सांसद मद से 5 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। इस दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। सांसद ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि योजनाओं की घोषणा के साथ उनके जमीनी स्तर पर वास्तविक लाभ पहुंचने पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।

