25 करोड़ की रंगदारी मामले में पूर्व महापौर एजाज ढेबर का भतीजा शोएब ढेबर गिरफ्तार

      Date:

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर कथित तौर पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया है। तेलीबांधा थाना पुलिस मामले में उससे पूछताछ कर रही है। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को एक धमकी भरा फोन आया था। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की मांग की थी। मामले में तेलीबांधा थाना पुलिस ने रंगदारी से संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

          जांच के दौरान पुलिस ने जांजगीर-चांपा जिले के एक युवक को पकड़ा। आरोप है कि युवक ने करीब पांच हजार रुपये लेकर बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी भरा फोन किया था। पूछताछ के दौरान कथित तौर पर शोएब ढेबर का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने शोएब को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और बाद में उसकी गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि कॉल करने वाले युवक तक धमकी देने का निर्देश कैसे पहुंचा और इस पूरी योजना में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी भरा कॉल करने के लिए नए मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस मोबाइल फोन, सिम कार्ड, कॉल विवरण और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि धमकी देने वाले लोगों का वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह से संबंध है या केवल गिरोह के नाम का इस्तेमाल कर रंगदारी मांगने की कोशिश की गई।

          एजाज ढेबर से भी 50 करोड़ मांगने का मामला

          जांच के दौरान पुलिस के सामने यह जानकारी भी आई है कि पूर्व महापौर एजाज ढेबर से भी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग के नाम पर 50 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। एजाज ढेबर ने इस संबंध में कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस अब दोनों मामलों के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं, इसकी भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में शोएब से पूछताछ के साथ मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

          बिश्नोई गैंग के नाम से ढेबर परिवार को धमकी, मांगे 50 करोड़ रुपये

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related