बालोद (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के कांकेर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद भोजराज नाग का एक बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। सांसद ने दावा किया कि उन्होंने बूढ़ादेव और महादेव से प्रार्थना कर नींबू काटा, जिसके बाद बारिश रुक गई। उनके इस बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दरअसल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को डौंडीलोहारा में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी करने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान मौसम खराब था और बारिश की संभावना बनी हुई थी। इसी का जिक्र करते हुए सांसद भोजराज नाग ने मंच से बारिश रुकने का दावा किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का प्रोटोकॉल रात करीब 12 बजे जारी हुआ था। उस समय मौसम खराब था। उन्होंने कहा कि उन्होंने बूढ़ादेव और महादेव से प्रार्थना की और नींबू काटकर बारिश रोक दी। सांसद ने आगे कहा कि कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा हो गया है, अब अगर बारिश होनी है तो हो सकती है। उनके इस बयान पर मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत अन्य नेताओं के चेहरे पर मुस्कान नजर आई और सभा में ठहाके भी सुनाई दिए।
कांग्रेस ने साधा निशाना
सांसद के बयान का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने तंज कसते हुए कहा कि अगर नींबू काटने से बारिश रुक सकती है, तो सांसद नींबू काटकर महंगाई भी रोक दें। उन्होंने कहा कि नींबू काटकर पेट्रोल और शक्कर के दाम कम करवा दीजिए और बिजली के बिल भी घटा दीजिए। कांग्रेस ने सांसद के दावे को लेकर भाजपा पर कटाक्ष किया है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने सांसद के बारिश रोकने के दावे पर सवाल उठाए। कुछ यूजर्स ने व्यंग्य करते हुए कहा कि अब नींबू काटकर गैस सिलेंडर, पेट्रोल और बिजली के दाम भी कम करवा दिए जाएं।

