अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कांग्रेस विधायक का धरना, देर रात खदान पहुंच जताया विरोध

      Date:

      • कार्रवाई में देरी पर जताई नाराजगी, सख्त कदम नहीं उठने पर थाना घेराव की चेतावनी

      कांकेर (AkhandBharatHNKP.Com)। भानुप्रतापपुर क्षेत्र में कथित अवैध रेत उत्खनन को लेकर कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी शुक्रवार देर रात बेलवापानी रेत खदान पहुंचकर धरने पर बैठ गईं। विधायक ने अपने समर्थकों और ग्रामीणों के साथ खदान में चल रही गतिविधियों पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

          अवैध रेत उत्खनन

          जानकारी के अनुसार बेलवापानी रेत खदान में निर्धारित क्षेत्र के अलावा अन्य स्थानों से भी मशीनों के जरिए रेत उत्खनन किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही भारी मशीनों के उपयोग से खनन नियमों एवं पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन की शिकायतें भी सामने आई हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विधायक सावित्री मंडावी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। विधायक के मुताबिक निरीक्षण के दौरान खदान क्षेत्र में करीब 14 वाहन मौजूद मिले, जिनमें एक चेन माउंटेन मशीन भी शामिल थी। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए संबंधित वाहनों को जब्त करने की बात कही। विधायक ने आरोप लगाया कि वह शाम करीब 7 बजे खदान पहुंची थीं, लेकिन प्रशासन रात करीब 1 बजे मौके पर पहुंचा, जिसके बाद मशीन को सील करने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई में देरी को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई।

          दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग

          सावित्री मंडावी ने कहा कि लगातार अवैध उत्खनन जारी रहने से भविष्य में रेत संकट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने मांग की कि तय नियमों के तहत खनन कार्य कराया जाए और स्थानीय ट्रैक्टर वाहन मालिकों को रोजगार का अवसर मिले। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में शासन-प्रशासन के कुछ लोगों की संलिप्तता के कारण कार्रवाई में विलंब हुआ। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ थाना घेराव किया जाएगा।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related