रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 31 आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं का आदेश जारी किया है। इस बदलाव में कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभाग बदले गए हैं, जबकि कुछ अफसरों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।



1994 बैच के आईपीएस गुरजिंदर पाल सिंह (जीपी सिंह) को महानिदेशक प्रशिक्षण के साथ राज्य पुलिस अकादमी के महानिदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रदीप गुप्ता को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रशासन एवं चयन बनाया गया है। 1992 बैच के आईपीएस पवन देव को छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध संचालक पद से हटाकर नगरसेना, नागरिक सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाओं का महानिदेशक बनाया गया है। वहीं एसआरपी कल्लूरी को छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है।
दीपांशु काबरा को रेल और यातायात का अतिरिक्त प्रभार
1997 बैच के आईपीएस दीपांशु काबरा को उनकी वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रेल और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यातायात का प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा विवेकानंद को वर्तमान दायित्वों के साथ वित्त, योजना एवं प्रबंध की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अमित कुमार को वर्तमान पद के साथ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. आनंद छाबड़ा को तकनीकी सेवाएं, डायल-112 और दूरसंचार का प्रभार सौंपा गया है।
कानून व्यवस्था और सुरक्षा शाखा में भी बदलाव
आईपीएस अजातशत्रु बहादुर सिंह को पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में गुप्तवार्ता एवं विशेष शाखा के डीआईजी पद से हटाकर नगर सेना, एसडीआरएफ और अग्निशमन सेवाओं के डीआईजी एवं निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं ओमप्रकाश पाल को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा बनाया गया है। अंकित कुमार गर्ग को राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला के संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
कुछ दिन पहले आईएएस अफसरों का भी हुआ था तबादला
छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक स्तर पर लगातार फेरबदल देखने को मिल रहा है। करीब छह दिन पहले ही सरकार ने 22 आईएएस अधिकारियों और एक आईएफएस अधिकारी का तबादला किया था। इस फेरबदल में छह जिलों के कलेक्टर भी बदले गए थे। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी संबंधित अधिकारियों को आगामी आदेश तक नई पदस्थापना पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है।
छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक फेरबदल, आईएएस और राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का हुआ तबादला

