16 सदस्यीय टीम में एक साल बाद एडम मिल्ने की वापसी, कंधे की चोट के कारण रचिन रवींद्र बाहर
नई दिल्ली (एजेंसी)। भारत के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी-20 श्रृंखला के लिए न्यूजीलैंड ने अपनी 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान अनुभवी ऑलराउंडर मिचेल सेंटनर संभालेंगे। तेज गेंदबाज एडम मिल्ने की एक साल से अधिक समय बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है, जबकि कंधे की चोट के कारण रचिन रवींद्र इस श्रृंखला का हिस्सा नहीं होंगे।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 श्रृंखला का पहला मुकाबला 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाएगा। श्रृंखला के पांच मुकाबले 11 दिनों के दौरान चार अलग-अलग शहरों में होंगे। इसके बाद दोनों टीमों के बीच पांच एकदिवसीय और दो टेस्ट मैच भी खेले जाएंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने विश्व कप की उपविजेता टीम के अधिकांश खिलाड़ियों पर भरोसा कायम रखा है। इस साल की शुरुआत में भारत से टी-20 विश्व कप का फाइनल हारने वाली टीम के 13 खिलाड़ियों को दोबारा टीम में शामिल किया गया है। चोट के कारण टी-20 विश्व कप में नहीं खेल सके माइकल ब्रेसवेल और एडम मिल्ने की भी टीम में वापसी हुई है।
एक साल बाद राष्ट्रीय टीम में लौटे मिल्ने
34 वर्षीय एडम मिल्ने ने अपना पिछला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था। उनके पास 243 टी-20 मैचों का अनुभव है, जिसमें 56 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले शामिल हैं। मिल्ने के अलावा लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन और जैकब डफी जैसे अनुभवी तेज गेंदबाजों को भी टीम में जगह मिली है। जैक फॉल्क्स और नेथन स्मिथ भी तेज गेंदबाजी विभाग का हिस्सा होंगे। न्यूजीलैंड ने टीम में कुल सात तेज गेंदबाजों को शामिल किया है।
कंधे की चोट के कारण रचिन रवींद्र बाहर
ऑलराउंडर रचिन रवींद्र दाएं कंधे की चोट के कारण भारत के खिलाफ टी-20 श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे। पिछले सप्ताह एक प्रचार कार्यक्रम के दौरान उनका कंधा खिसक गया था। उनके पूरी तरह फिट होने में करीब छह सप्ताह लगने की संभावना है। रचिन 4 नवंबर से ऑकलैंड के ईडन पार्क में शुरू होने वाली एकदिवसीय श्रृंखला के दौरान वापसी का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। वहीं तेज गेंदबाज बेन सीअर्स भी टखने की चोट से उबर रहे हैं, जिसके चलते उन्हें टी-20 टीम में शामिल नहीं किया गया है।

