मरने के बाद भी दूसरों के काम आएगा शरीर, बलौदाबाजार के दो दंपतियों ने लिया देहदान का संकल्प

      Date:

      • गुरु की प्रेरणा और जरूरतमंदों की मदद की भावना से लिया फैसला, लोगों से भी देहदान के लिए आगे आने की अपील

      बलौदाबाजार (AkhandBharatHNKP.Com)। इंसान की जिंदगी खत्म होने के बाद भी उसका शरीर किसी के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है। इसी भावना के साथ बलौदाबाजार जिले के दो दंपतियों ने मृत्योपरांत देहदान का संकल्प लिया है। दोनों दंपतियों ने स्वप्रेरणा से देहदान के लिए फार्म भरकर अपनी इच्छा जाहिर की। उनके इस निर्णय के लिए जिला प्रशासन की ओर से उन्हें सम्मानित भी किया गया। ‘सेवा ही संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कलेक्टर सभाकक्ष में देहदान का संकल्प लेने वाले दोनों दंपतियों को शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

          देहदान का संकल्प

          कसडोल विकासखंड के ग्राम बम्हनीडीह निवासी फिरतराम साहू और उनकी पत्नी पुष्पा साहू ने मृत्यु के बाद देहदान करने की घोषणा की है। दंपति ने बताया कि उन्हें अपने गुरु से प्रेरणा मिली। गुरु ने उन्हें बताया कि जीवन समाप्त होने के बाद भी यदि शरीर किसी जरूरतमंद या रोगग्रस्त व्यक्ति के काम आ सके और किसी को नया जीवन मिल सके, तो इससे बड़ा सेवा कार्य कोई नहीं हो सकता। इसी विचार से प्रेरित होकर दोनों ने देहदान का निर्णय लिया। इस फैसले में परिवार के सदस्यों की भी सहमति है। दंपति ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों को मृत्योपरांत देहदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि शरीर के उपयोग से किसी जरूरतमंद को जीवन की नई उम्मीद मिल सके।

          समाचार पढ़कर देहदान के लिए आगे आए दंपति

          भाटापारा विकासखंड के वेदराम आनंद और उनकी पत्नी रेशमा ने भी मृत्योपरांत देहदान का संकल्प लिया है। उन्हें समाचार पत्र के माध्यम से एक जरूरतमंद मरीज के लिए किडनी की आवश्यकता की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने स्वप्रेरणा से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भाटापारा पहुंचकर चिकित्सक से संपर्क किया और देहदान की इच्छा व्यक्त की। इसके बाद दंपति ने आवश्यक प्रपत्र भरकर मृत्यु के बाद देहदान करने की घोषणा की।

          रक्तदान के लिए भी बढ़ रही जागरूकता

          कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बताया कि जिले में ‘सेवा ही संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न जनसेवा गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिले के दो दंपतियों ने मृत्योपरांत देहदान का संकल्प लिया है। इसके साथ ही रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें जागरूक होकर लोग बड़ी संख्या में रक्तदान के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की मदद की जा रही है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने देहदान का संकल्प लेने वाले दोनों दंपतियों के साथ रक्तदान करने वाली जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल को भी सम्मानित किया।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              जज के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने वाले टीआई पर गिरी गाज, एसएसपी ने किया लाइन अटैच

              बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। फैमिली कोर्ट के न्यायाधीश के खिलाफ एफआईआर दर्ज...