27 सितंबर को सामान्य रूप से होगा बैंकिंग कामकाज, 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित है देशव्यापी हड़ताल
नई दिल्ली (एजेंसी)। देशभर में तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को देखते हुए केंद्र सरकार ने ग्राहकों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने 27 सितंबर, रविवार को सभी सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से खोलने का निर्णय लिया है।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले 26 और 27 सितंबर को छुट्टी होने के कारण बैंकिंग सेवाएं लगातार कई दिनों तक प्रभावित होने की आशंका थी। ग्राहकों की आवश्यक बैंकिंग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 27 सितंबर को बैंक शाखाओं को खोलने का निर्णय लिया गया है। भारतीय रिजर्व बैंक ने भी सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से संबंधित सेवाओं और मुद्रा तिजोरियों को इस दिन पूरी तरह संचालित रखने की मंजूरी दी है।
हड़ताल टालने की अपील
सरकार ने कहा है कि ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से बैंक यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल को टालने की अपील भी की गई है। साथ ही जरूरी बैंकिंग सेवाओं को बिना रुकावट जारी रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं।

