
हर 15 दिन में मरम्मत कर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश, 5.74 किमी सीसी सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने पर जोर
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाने और नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत ने ध्यानचंद चौक से रूमगरा होते हुए बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा चौक से रिसदी चौक तक निर्माणाधीन सड़क का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और बारिश से प्रभावित हिस्सों का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरा होने तक आम लोगों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने सड़क की नियमित निगरानी करने और प्रत्येक 15 दिन में आवश्यक मरम्मत कर आवागमन सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ध्यानचंद चौक से रिसदी चौक तक करीब 5.74 किलोमीटर लंबी टू-लेन सीसी सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित एजेंसियों को कार्य में तेजी लाकर जल्द से जल्द सड़क तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े, एसडीओ द्विवेदी सहित नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी लिया जायजा
सड़क निरीक्षण के साथ कलेक्टर ने ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुल की वर्तमान स्थिति, प्रस्तावित मरम्मत कार्य और आवागमन प्रभावित न हो, इसके लिए बनाए जाने वाले रपटा एवं वैकल्पिक मार्ग का अवलोकन किया। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को वैकल्पिक मार्ग के निर्माण के लिए शीघ्र विस्तृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक स्वीकृति मिलने के बाद कार्य जल्द शुरू किया जा सके।
डीएमएफ मद से 29 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क
गौरतलब है कि ध्यानचंद चौक से बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा से रिसदी चौक तक कुल 5.74 किलोमीटर लंबी टू-लेन सीसी सड़क का निर्माण जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से लगभग 29 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। निर्माण कार्य प्रगति पर है। वहीं ढेंगुरनाला और बेलगिरी पुल के मरम्मत कार्य का कार्यादेश भी जारी हो चुका है और जल्द ही काम शुरू किया जाएगा।
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर दुदावत सख्त, सीएम हेल्पलाइन पर बिजली और शिक्षा विभाग को नोटिस

