पारंपरिक व्यंजनों का भोग, गेड़ी और नारियल फेंक प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्सव का रंग; वीर जवानों के लिए किया रक्षा-सूत्र संकलन
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। सावन माह के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा प्रदेशभर में संगठनात्मक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के निर्देश पर बिलासपुर संभाग प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री फुलेश्वरी सिंह पैकरा का प्रथम संभागीय प्रवास एवं परिचयात्मक बैठक का आयोजन कोरबा में किया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार के नेतृत्व में भव्य परिचयात्मक बैठक एवं तीज उत्सव आयोजित हुआ। संभाग प्रभारी फुलेश्वरी सिंह पैकरा का आतिशबाजी, तिलक, आरती, पुष्पगुच्छ, श्रीफल, शॉल और ढोल-नगाड़ों के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान संभाग प्रभारी ने महिला कार्यकर्ताओं को भाजपा की संगठनात्मक रीति-नीति और कार्यपद्धति की जानकारी दी तथा संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन एवं वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित महिला मोर्चा की प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा उपाध्यक्ष एवं कोरबा प्रभारी संगीता शर्मा, सह प्रभारी उमा सोनी, प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी मंजुला सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रंजीता शर्मा, वैशाली रतनपारखी, जिला महामंत्री अनसुईया राठौर, स्वाति कश्यप सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। आयोजन में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ धार्मिक आस्था, छत्तीसगढ़ी लोकपरंपरा और सांस्कृतिक विरासत का सुंदर संगम देखने को मिला।
पारंपरिक व्यंजनों का लगाया भोग
हरेली तिहार के अवसर पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने माता पार्वती और भगवान भोलेनाथ की श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। इस दौरान छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक खान-पान की झलक देखने को मिली। खुरमी, ठेठरी, अरसा, मीठा फरा, नमकीन फरा, मालपुआ, पपची, सोंहारी, कोदो की खीर, चना-चबेना और चना चरपटी सहित विभिन्न पारंपरिक व्यंजनों का भोग अर्पित कर प्रसाद का वितरण किया गया। उत्सव में नारियल फेंक प्रतियोगिता और गेड़ी का भी आयोजन हुआ। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिला कार्यकर्ताओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए छत्तीसगढ़ की लोकपरंपरा और विरासत की मनमोहक झलक पेश की। कार्यक्रम के दौरान देश की सुरक्षा में तैनात वीर जवानों के लिए रक्षा-सूत्र संकलन किया गया। महिला कार्यकर्ताओं ने सैनिक भाइयों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके लिए रक्षा-सूत्र भेजने का संकल्प लिया।
भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस, गोष्ठी आयोजित कर बताई गई उपलब्धियां

