रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी अरुण कुमार पांडे को राज्य का नया प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) एवं वन बल प्रमुख नियुक्त किया है। इस संबंध में राज्य शासन की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। वे वर्तमान पीसीसीएफ व्ही. श्रीनिवास राव का स्थान लेंगे, जो 31 मई को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, नए पीसीसीएफ की नियुक्ति को लेकर विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें अरुण पांडे, अनिल साहू और कौशलेंद्र कुमार के नामों पर विचार किया गया। चर्चा के बाद अरुण पांडे के नाम पर सहमति बनी और उनके नाम को मंजूरी प्रदान की गई। अरुण पांडे भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के वरिष्ठ अधिकारी हैं और वन प्रबंधन, संरक्षण तथा प्रशासनिक कार्यों का लंबा अनुभव रखते हैं। वे पूर्व में वन एवं वन्यजीव प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं।


