रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परिवारजनों के साथ विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाज से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की बधाई देते हुए कहा कि भगवान गणेश बुद्धि और विवेक के प्रतीक हैं। किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत भगवान गणेश की पूजा से करने की हमारी प्राचीन परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने वाला उत्सव भी है। छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति में तीज-त्योहारों का विशेष महत्व है। ये पर्व हमें अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जोडऩे के साथ परिवार और समाज को भी एक सूत्र में बांधते हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के परिवारजन, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
https://dprcg.gov.in/post/1789398311/Raipur-Lord-Ganesha-enshrined-at-the-Chief-Minister-s-residence
