कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जनगणना कार्य में लगे सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को निर्देश देते हुए कहा है कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए इसे पूर्ण निष्ठा, जिम्मेदारी और कार्यकुशलता के साथ संपादित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही हर जानकारी को गंभीरता से आत्मसात करें और त्रुटिरहित जनगणना सुनिश्चित करें।

कलेक्टर दुदावत ने यह निर्देश स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एनसीडीसी कोरबा में आयोजित डिजिटल जनगणना 2027 प्रशिक्षण सत्र के दौरान दिए। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था का सघन निरीक्षण किया और प्रगणकों से सीधे संवाद कर कार्य की बारीकियों पर विशेष ध्यान देने को कहा। जनगणना 2027 के तहत नगरीय निकाय कोरबा क्षेत्र के प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को एनसीडीसी विद्यालय में विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कलेक्टर ने प्रशिक्षण सत्र का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए मास्टर ट्रेनरों और प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सही आंकड़े ही जिले और देश की विकास योजनाओं की नींव होते हैं, इसलिए हर जानकारी पूरी सावधानी से दर्ज की जाए। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरुभेले तथा जिला जनगणना अधिकारी ओंकार यादव भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला सहायक नोडल अधिकारी एम.एस. कंवर, जिला शिक्षा अधिकारी टी.आर. उपाध्याय, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, जोन प्रभारी अधिकारी नीरज कौशिक, भूषण उरांव, लीलाधर पटेल, एन.के. नाथ, प्राचार्य अल्का फिलिप्स, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
24 अप्रैल तक चलेगा प्रशिक्षण
नगर निगम के जनगणना सहायक नोडल अधिकारी पवन वर्मा ने बताया कि प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण चार चरणों में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम चरण 11 से 13 अप्रैल तक संपन्न हुआ। द्वितीय चरण 15 से 17 अप्रैल, तृतीय चरण 18 से 20 अप्रैल तथा चतुर्थ चरण 22 से 24 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा।
विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, कलेक्टर दुदावत ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

