कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जनगणना 2027 के तहत डिजिटल स्व-गणना अभियान को गति देने के लिए प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा कोरबा महापौर संजुदेवी राजपूत ने अपने-अपने निवास पर मोबाइल के माध्यम से डिजिटल स्व-गणना पत्रक भरकर आम नागरिकों को प्रेरित किया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने लोगों से 30 अप्रैल 2026 तक स्वयं अपने मोबाइल से स्व-गणना पत्रक भरने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि 1 मई से शासन द्वारा नियुक्त और प्रशिक्षित प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे, जहां वे नागरिकों द्वारा भरे गए स्व-गणना पत्रक का सत्यापन करेंगे तथा मकान सूचीकरण और अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे। बताया गया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण में 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक नागरिक स्वयं डिजिटल माध्यम से जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 1 मई से 30 मई तक प्रगणकों द्वारा मकानों की गणना, सूचीकरण और अन्य जानकारियां एकत्र की जाएंगी। इसी क्रम में मंत्री लखनलाल देवांगन ने कोहडिय़ा स्थित अपने निवास पर तथा महापौर संजुदेवी राजपूत ने राताखार बस्ती स्थित अपने घर पर मोबाइल से स्व-गणना पत्रक भरकर सही जानकारी दर्ज की। दोनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें सभी नागरिकों की सहभागिता जरूरी है। डिजिटल सुविधा के माध्यम से लोग घर बैठे आसानी से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
33 बिंदुओं पर मांगी जाएगी जानकारी
डिजिटल जनगणना हेतु 33 बिन्दु निर्धारित किये गये हैं, जिन पर जानकारी संग्रहित कर सेन्सेस पोर्टल में दर्ज किया जायेगा, निर्धारित बिन्दुओं के अनुसार भवन नम्बर, मकान नम्बर, मकान के फर्श में प्रयुक्त सामग्री, मकान दीवार में प्रयुक्त सामग्री, मकान के छत में प्रयुक्त सामग्री, मकान के उपयोग, मकान की हालत, परिवार क्रमांक, परिवार के सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, परिवार के मुखिया का लिंग, अनुसूचित जाति/जनजाति, मकान में कमरों की संख्या, परिवार में विवाहित दम्पतियों की संख्या, पेयजल का मुख्य स्त्रोत, पेयजल स्त्रोत की उपलब्धता, लाईट का मुख्य स्त्रोत, शौचालय की उपलब्धता, शौचालय का प्रकार, गंदे पानी की निकासी, स्नानघर की उपलब्धता, रसोई घर, एलपीजी पीएनजी कनेक्शन, खाना पकाने के लिये मुर्ख्य इंंधन, रेडियो/ट्रांजिस्टर, टेलीविजन, इंटरनेट सुविधा, लेपटाप कम्प्युटर, टेलीफोन मोबाईल फोन स्मार्ट फोन, साईकिल/स्क्रूटर/मोटरसाईकिल/मोपेड, कार/जीप /वैन आदि शामिल हैं।
जनगणना 2027 का शुभारंभ, कलेक्टर दुदावत ने की ऑनलाइन स्व-गणना, नागरिकों से सही जानकारी देने की अपील

