बीजापुर (AkhandBharatHNKP.Com)। तेंदूपत्ता अग्निकांड मामले में राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर बीजापुर के वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) रमेश कुमार जांगड़े को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। उन्हें रायपुर स्थित प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय में संबद्ध किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तेंदूपत्ता संग्रहण और प्रबंधन में अनुभवी अधिकारी जाधव सागर रामचंद्र को बीजापुर का नया डीएफओ नियुक्त किया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि वनवासियों और तेंदूपत्ता संग्राहकों के हितों से किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि तेंदूपत्ता हजारों आदिवासी और वनवासी परिवारों की आजीविका का आधार है। ऐसे में नुकसान पहुंचाने वाली घटना की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि 25 मई को बीजापुर जिले के इटपाल स्थित एक निजी गोदाम में भीषण आग लगने से बड़ी मात्रा में तेंदूपत्ता जलकर नष्ट हो गया था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में करीब 10 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई गई है। शासन ने घटना के कारणों, सुरक्षा व्यवस्था और अधिकारियों की भूमिका की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

