मारपीट मामले में आरोपियों को छोड़ने के बदले 10 हजार रुपये मांगने का आरोप
बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। सरकंडा थाना में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल शोभित कैवर्त्य को रिश्वत मांगने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि मारपीट मामले में पकड़े गए तीन आरोपियों को छोड़ने के एवज में उसने 10 हजार रुपये की मांग की थी।
बताया जा रहा है कि इस मामले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें हेड कॉन्स्टेबल कथित रूप से कहते सुनाई दे रहा है कि तीन-तीन लोगों को 5 हजार रुपये में कैसे छोड़ूंगा, 10 हजार रुपये करवा दो। वीडियो करीब दो माह पुराना बताया जा रहा है, जो हाल ही में वायरल हुआ। मामले की जानकारी सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपी हेड कॉन्स्टेबल को निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, मारपीट के मामले में आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई नहीं करने और जेल भेजने की धमकी देकर पैसों की मांग किए जाने का आरोप है। हालांकि, यह भी चर्चा है कि कथित तौर पर रिश्वत की राशि ले ली गई थी, जिसकी जांच की जा रही है।

