नवा रायपुर को मिलेगी नई रेलवे लाइन, भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू, दावा-आपत्ति के लिए 30 दिन का समय

      Date:

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। नवा रायपुर को नई रेल कनेक्टिविटी प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने नवा रायपुर-खरसिया-परमालकसा नई रेल लाइन परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। रेलवे प्रशासन द्वारा रायपुर जिले में अधिग्रहित की जाने वाली भूमि की सूची जारी कर दी गई है तथा प्रभावित भू-स्वामियों को दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करने के लिए 30 दिनों का समय निर्धारित किया गया है।

          दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे

          इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूर्ण होने के बाद नवा रायपुर की रायगढ़, राजनांदगांव सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से रेल कनेक्टिविटी और अधिक सुदृढ़ होगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार नई रेल लाइन से माल परिवहन में सुगमता आएगी तथा औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मुदित भटनागर के अनुसार यह परियोजना लगभग 154 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित है। प्रथम चरण में रायपुर जिले के अंतर्गत करीब 12.95 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के तहत मंदिर हसौद क्षेत्र के धमनी, गुजरा, गनौद, रींवा, टेकारी, नारा, डिघारी एवं खौली सहित कई गांवों को परियोजना में शामिल किया गया है। संबंधित भूमि स्वामियों से तय समयावधि में दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने का आग्रह किया गया है।

          केंद्र सरकार की प्राथमिकता वाली परियोजना

          यह रेल परियोजना केंद्र सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अप्रैल 2025 में देश की चार मल्टी ट्रैकिंग रेलवे परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की थी, जिनमें यह परियोजना भी सम्मिलित है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि परियोजना के क्रियान्वयन के बाद रायपुर एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के लिए माल परिवहन का एक नया विकल्प उपलब्ध होगा। इससे बलौदाबाजार सहित आसपास स्थित सीमेंट संयंत्रों, स्टील इकाइयों एवं अन्य उद्योगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की संभावना है।

          पांचवीं एवं छठवीं रेल लाइन के रूप में होगा विस्तार

          रेलवे प्रशासन के अनुसार नवा रायपुर-खरसिया-परमालकसा रेल परियोजना का विकास पांचवीं एवं छठवीं रेल लाइन के रूप में किया जाएगा। इससे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के व्यस्त रेल नेटवर्क पर दबाव कम होगा तथा नई राजधानी क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था और अधिक सशक्त बनेगी। उल्लेखनीय है कि नवा रायपुर को राजिम रेल कॉरिडोर से जोडऩे की योजना पर भी कार्य जारी है। वहीं रायगढ़ दिशा में प्रस्तावित नई रेल लाइन से राजधानी क्षेत्र के विकास और विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related