कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत करतला के ग्राम नवापारा में शुक्रवार को जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया।

जनपद पंचायत करतला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वैभव कौशिक ने बताया कि शिविर में कुल 569 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 150 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों का परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सीसी रोड, पुल-पुलिया और अन्य अधोसंरचना निर्माण संबंधी मांगों का परीक्षण कर कार्ययोजना के तहत स्वीकृति प्रदान की जाएगी। शिविर को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अशोक विश्राम कंवर ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक आसानी से पहुंचाने के उद्देश्य से क्षेत्रवार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार प्राप्त आवेदनों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से योजनाओं की जानकारी रखने और उनका लाभ उठाने की अपील की। साथ ही गर्मी को देखते हुए जल संरक्षण एवं अधिक से अधिक पौधरोपण करने पर जोर दिया।

जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मनोज झा ने कहा कि सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित करने और पेयजल समस्या के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। शिविर में कृषि, खाद्य, स्वास्थ्य, सहकारिता और पंचायत विभागों द्वारा हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया। कृषि विभाग ने किसानों को पेट्रोल पंप, शैलो पंप, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और बीज वितरित किए। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत तीन हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई। खाद्य विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने तीन ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित कर प्रमाणपत्र प्रदान किया। सहकारिता विभाग की ओर से किसानों को केसीसी योजना के तहत ऋण सहायता के चेक भी वितरित किए गए।
सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम : विधायक पटेल

