कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। देश की अग्रणी विद्युत उत्पादन कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड ने किशोर चंद्र पात्र को एनटीपीसी कोरबा (2600 मेगावाट) का कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख नियुक्त किया है। पदोन्नति के साथ उन्होंने परियोजना के शीर्ष नेतृत्व का दायित्व संभाल लिया है।

विद्युत क्षेत्र में 36 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले किशोर चंद्र पात्र संयंत्र संचालन, अनुरक्षण, परियोजना प्रबंधन तथा संगठनात्मक नेतृत्व के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं। कार्यकारी निदेशक के पद पर पदोन्नत होने से पूर्व वे एनटीपीसी कोरबा में परियोजना प्रमुख के रूप में कार्यरत थे। उनके नेतृत्व में संयंत्र ने परिचालन उत्कृष्टता, सुरक्षा, विश्वसनीयता, सतत विकास एवं जनसहभागिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। यांत्रिक अभियांत्रिकी में स्नातक श्री पात्र ने वर्ष 1989 में कार्यकारी प्रशिक्षु के रूप में एनटीपीसी में अपने करियर की शुरुआत की थी। अपने लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने फरक्का, तालचर कनिहा, एनबीपीपीएल, पूर्वी क्षेत्रीय मुख्यालय-द्वितीय तथा वल्लूर सहित एनटीपीसी की विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं और प्रतिष्ठानों में अहम जिम्मेदारियां निभाईं।
अनुभव और नेतृत्व क्षमता से बनाई विशिष्ट पहचान
अपने अनुभव और कार्यकुशलता के बल पर उन्होंने विद्युत संयंत्रों के प्रदर्शन में सुधार, परिचालन दक्षता में वृद्धि तथा सुरक्षा एवं सतत सुधार की संस्कृति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। तकनीकी विशेषज्ञता, दूरदर्शी सोच और कर्मियों के प्रति संवेदनशील नेतृत्व शैली के कारण वे संगठन में विशेष सम्मान प्राप्त करते हैं। श्री पात्र ने पावर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट सहित विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों से प्रबंधन, सुरक्षा नेतृत्व, वित्तीय प्रबंधन, कॉर्पोरेट प्रशासन, सतत विकास और तकनीकी उत्कृष्टता से संबंधित उन्नत प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है।
तकनीकी उन्नयन व पर्यावरण संरक्षण को मिलेगी प्राथमिकता
नए दायित्व का कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने एनटीपीसी कोरबा को कंपनी के अग्रणी उत्पादन केंद्रों में बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि परिचालन उत्कृष्टता, तकनीकी उन्नयन, पर्यावरण संरक्षण, कर्मचारी विकास और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से एनटीपीसी कोरबा राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका को और अधिक सशक्त करेगा तथा सतत विकास, परिचालन विश्वसनीयता और उत्कृष्ट प्रदर्शन के नए आयाम स्थापित करेगा।
बालिका सशक्तिकरण अभियान के तहत एनटीपीसी कोरबा में अंतरिक्ष विज्ञान कार्यशाला आयोजित

