रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बोर्ड परीक्षा परिणाम को लेकर विद्यार्थियों की शंकाओं के समाधान के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब ऐसे विद्यार्थियों को अतिरिक्त अवसर दिया जाएगा, जिन्होंने अंकों के सत्यापन के लिए आवेदन किया था लेकिन जांच के बाद भी उनके अंकों में कोई बदलाव नहीं हुआ। ऐसे छात्र अब सीधे सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय जाकर अपनी उत्तर पुस्तिका की भौतिक जांच करा सकेंगे।
सीबीएसई द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार यह सुविधा सभी विद्यार्थियों के लिए लागू नहीं होगी। इसका लाभ केवल उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगा, जिनके सत्यापन परिणाम में “कोई परिवर्तन नहीं” पाया गया है। बोर्ड जल्द ही क्षेत्रीय कार्यालयों में उत्तर पुस्तिका जांच की विस्तृत प्रक्रिया और समय-सारणी जारी करेगा। सीबीएसई ने पहली बार इस नई व्यवस्था को लागू किया है। इससे पहले सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यार्थियों के पास उत्तर पुस्तिका की दोबारा भौतिक जांच कराने का कोई विकल्प उपलब्ध नहीं होता था। बोर्ड का मानना है कि इस निर्णय से परीक्षा मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनेगी।
अब दूर कर सकेंगे अपनी शंकाएं
इस नई व्यवस्था का सबसे अधिक लाभ उन विद्यार्थियों को मिलेगा, जिन्हें यह आशंका रहती थी कि उनकी उत्तर पुस्तिका के मूल्यांकन में किसी प्रकार की त्रुटि हुई है। पहले सत्यापन के बाद अंक नहीं बदलने पर विद्यार्थियों के पास आगे कोई विकल्प नहीं बचता था, लेकिन अब वे सीधे क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचकर अपनी कॉपी की जांच करवा सकेंगे और अपनी शंकाओं का समाधान कर पाएंगे।
बारहवीं पुनर्मूल्यांकन के परिणाम भी जारी
इधर सीबीएसई ने कक्षा बारहवीं के पुनर्मूल्यांकन परिणाम भी चरणबद्ध तरीके से जारी करना शुरू कर दिया है। बोर्ड ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि अब तक प्राप्त आवेदनों में से 87 प्रतिशत से अधिक परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। शेष आवेदनों की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है और जल्द ही बाकी विद्यार्थियों के संशोधित परिणाम भी जारी कर दिए जाएंगे।
सीबीएसई पैटर्न के नाम पर एडमिशन, अब सीजी बोर्ड परीक्षा का दबाव, अभिभावकों ने किया हंगामा

