रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रदेश की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय ने शासन को 5707 नए पदों के सृजन का विस्तृत प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव में 15 नए थानों की स्थापना, 5 साइबर थाना खोलने, 8 पुलिस चौकियों को उन्नत कर थाना बनाने और कम पुलिस बल वाले थानों में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की योजना शामिल है।
प्रस्ताव के अनुसार नए पद बस्तर फाइटर्स, एटीएस, जीआरपी, वीआईपी सुरक्षा वाहिनी, रायपुर ग्रामीण पुलिस और कमिश्नरी व्यवस्था सहित विभिन्न इकाइयों के लिए मांगे गए हैं। इनमें सबसे अधिक 1500 पद बस्तर फाइटर्स के लिए प्रस्तावित हैं। बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर में 500-500 आरक्षकों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा एटीएस के लिए 325, वीआईपी सुरक्षा वाहिनी के लिए 250, जीआरपी रायपुर के लिए 150 तथा रायपुर ग्रामीण एसपी कार्यालय और पुलिस लाइन के लिए 251 पद मांगे गए हैं। रायपुर में लागू कमिश्नरी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी नए पदों की मांग की गई है। वर्तमान में स्वीकृत पदों की तुलना में पुलिस बल की भारी कमी बनी हुई है, जिसे देखते हुए कार्यालयीन ढांचे के लिए 67 नए पदों का प्रस्ताव भेजा गया है।
साइबर सुरक्षा बढ़ाने सरकार की बड़ी तैयारी
प्रस्ताव के तहत रायपुर में सरोना, जरवाय, उपरवारा (नया रायपुर), सिलतरा और कमल विहार चौकी को थाना बनाने की तैयारी है। वहीं बालोद, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, सक्ती और बलरामपुर में नए साइबर थाने प्रस्तावित किए गए हैं, जहां सूचना प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों की नियुक्ति होगी। इसके अलावा प्रदेश की 8 पुलिस चौकियों को पूर्ण थाना बनाने और 21 कमजोर पुलिस बल वाले थानों में अतिरिक्त जवान तैनात करने की योजना बनाई गई है।

