बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। सार्वजनिक क्षेत्र की कोयला कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल से जून) में शानदार प्रदर्शन करते हुए कोयला उत्पादन, प्रेषण और ओवरबर्डन रिमूवल (ओबीआर) के क्षेत्र में अब तक का सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड दर्ज किया है।

कंपनी ने पहली तिमाही में 44.10 मिलियन टन कोयला उत्पादन किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 7.19 प्रतिशत अधिक है। वहीं 48.79 मिलियन टन कोयला प्रेषण किया गया, जिसमें 5.29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई। इसी दौरान 99.36 मिलियन घन मीटर ओबीआर किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5.62 प्रतिशत ज्यादा है।जून 2026 एसईसीएल के लिए ऐतिहासिक महीना साबित हुआ। कंपनी ने इस दौरान अब तक का सर्वाधिक मासिक कोयला उत्पादन और प्रेषण दर्ज किया। साथ ही 34.05 मिलियन घन मीटर ओबीआर कर नया रिकॉर्ड बनाया, जो तय लक्ष्य से लगभग 10 प्रतिशत अधिक और जून 2025 की तुलना में 17.3 प्रतिशत ज्यादा रहा। कोयला परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में भी कंपनी ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। पहली तिमाही में फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी (एफएमसी) प्रणाली के जरिए 19.58 मिलियन टन कोयले का प्रेषण किया गया, जो पिछले वर्ष से 19.7 प्रतिशत अधिक है।
कर्मचारियों की मेहनत से मिली ऐतिहासिक सफलता

एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि यह उपलब्धि कर्मचारियों की मेहनत, परिचालन दक्षता और आधुनिक तकनीकों के बेहतर उपयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मानसून को देखते हुए सभी खदानों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं ताकि देश को निर्बाध कोयला आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। कंपनी ने देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में भी अहम योगदान दिया। पहली तिमाही के दौरान 37.79 मिलियन टन कोयला बिजली उत्पादन इकाइयों को उपलब्ध कराया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5.4 प्रतिशत अधिक है।
भूमिगत खनन में एसईसीएल का रिकॉर्ड
भूमिगत खनन के क्षेत्र में भी एसईसीएल ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 3.17 मिलियन टन कोयला उत्पादन किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 23.35 प्रतिशत अधिक है। यह पिछले छह वर्षों की पहली तिमाही का सर्वश्रेष्ठ भूमिगत उत्पादन माना जा रहा है। एसईसीएल का यह प्रदर्शन कंपनी की मजबूत कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग और देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
एसईसीएल के बिरंची दास को एमसीएल में अतिरिक्त जिम्मेदारी, मानव संसाधन निदेशक का सौंपा गया प्रभार

