कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। छुरी स्थित राज ज्वेलर्स में लूट के प्रयास के बहुचर्चित मामले का कोरबा पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। जबकि मामले का एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टा पहले ही पुलिस बरामद कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल सिंह गोंड (38) निवासी ग्राम घुचापुर, चौकी कोरबी तथा परदेशी राठिया (40) निवासी ग्राम जिलगा (बरपाली), थाना श्यांग के रूप में हुई है। वहीं तीसरा आरोपी विष्णु प्रसाद राठिया, निवासी ग्राम कोलगा, थाना करतला, अभी फरार है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश कुमार ठाकुर तथा नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल कुमार पाठक के मार्गदर्शन में थाना कटघोरा एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले का खुलासा किया।
ग्राहक बनकर पहुंचे, कट्टा अड़ाकर की थी लूट की कोशिश
पुलिस के मुताबिक 1 जुलाई की दोपहर करीब एक बजे तीन आरोपी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से राज ज्वेलर्स पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जिनमें एक आरोपी महिला के भेष में था। चांदी की अंगूठी देखने के बहाने उन्होंने दुकानदार राजकुमार अग्रवाल को काउंटर तक बुलाया। इसी दौरान एक आरोपी ने दुकान का शटर बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने देशी कट्टा तान दिया और मिर्च पाउडर डालने का प्रयास किया। आरोपी आभूषण बैग में भरने लगे, लेकिन बाहर लोगों की भीड़ जुटने पर वे मौके से भाग निकले। जल्दबाजी में वे देशी कट्टा और चोरी की मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़ गए।
100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच से मिले सुराग
घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जिले और सीमावर्ती क्षेत्रों में आरोपियों की तलाश शुरू की। 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, साइबर विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच में पता चला कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए जंगल के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर सहित कई क्षेत्रों में लगातार दबिश दी, जिसके बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
देशी कट्टे का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम देने का प्रयास
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि तीनों आरोपी पूर्व में हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में जेल जा चुके हैं। जेल में ही उनकी आपस में दोस्ती हुई थी। रिहा होने के बाद उन्होंने सुनियोजित तरीके से लूट की योजना बनाई और चोरी की मोटरसाइकिल तथा देशी कट्टे का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना कटघोरा एवं साइबर पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट की कोशिश, महिला बनकर पहुंचे बदमाश, संचालक की बहादुरी से वारदात नाकाम

