16 दिन पहले टूटी थी शादी, अब उसी दूल्हे संग लिए सात फेरे, गलतफहमी दूर होने पर मंदिर में रचाया विवाह

      Date:

      • दुल्हन ने पहले नशे की आशंका में ठुकराया था रिश्ता, दूल्हे ने कहा- कोल्ड ड्रिंक में मिलाया गया था नशीला पदार्थ

      जांजगीर-चांपा (AkhandBharatHNKP.Com)। 23 जून को पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनी शादी अब सुखद मोड़ पर पहुंच गई है। जिस दुल्हन मुस्कान ने शादी के मंडप में दूल्हे संत कुमार के कथित रूप से नशे में होने के कारण विवाह से इनकार कर दिया था, उसी मुस्कान ने 16 दिन बाद संत कुमार के साथ मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत कर दी।

          दुल्हन मुस्कान

          जानकारी के अनुसार, गुरुवार को मुस्कान परिवार परामर्श केंद्र में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद सीधे संत कुमार के गांव खोखरा पहुंची। वहां स्थित मनका दाई मंदिर में दोनों ने परिजनों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में विधि-विधान से विवाह कर लिया। दंपती का कहना है कि 23 जून को शादी टूटने के बाद भी दोनों लगातार एक-दूसरे के संपर्क में रहे। बातचीत के दौरान दोनों के बीच की गलतफहमियां दूर हो गईं, जिसके बाद उन्होंने आपसी सहमति से विवाह करने का निर्णय लिया। संत कुमार ने बताया कि वह शराब का सेवन नहीं करता। उसके अनुसार, शादी वाले दिन किसी ने उसकी कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया था, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और लोगों को लगा कि वह नशे में है। बाद में उसने मुस्कान से पूरे घटनाक्रम पर चर्चा की और माफी भी मांगी। वहीं, मुस्कान ने कहा कि अब दोनों के बीच सभी गलतफहमियां समाप्त हो चुकी हैं और उन्होंने अपनी इच्छा से साथ जीवन बिताने का फैसला किया है।

          परामर्श केंद्र से निकलने के बाद सीधे पहुंची दूल्हे के गांव

          इधर, सीएसपी योगिता बाली खापर्डे ने बताया कि गुरुवार दोपहर परिवार परामर्श केंद्र से निकलने के बाद मुस्कान घर नहीं पहुंची थी। मोबाइल बंद होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और साइबर टीम की जांच में पता चला कि मुस्कान खोखरा गांव में संत कुमार के घर पर है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों से बातचीत की, जहां मुस्कान ने अपनी मर्जी से संत कुमार के साथ रहने और विवाह करने की बात कही।

          गलतफहमियां दूर हुईं तो फिर जुड़ गए रिश्ते के तार

          गौरतलब है कि 23 जून को चांपा थाना क्षेत्र के कोसमंदा गांव में विवाह समारोह के दौरान मुस्कान ने दूल्हे के कथित रूप से नशे में होने की आशंका जताते हुए शादी से इनकार कर दिया था। यह मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना था। बाद में जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक ने मुस्कान के साहस की सराहना करते हुए उसे परिवार परामर्श केंद्र का सदस्य भी बनाया था। अब दोनों ने सभी विवादों और गलतफहमियों को पीछे छोड़ते हुए वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की है।

          नशे में धुत दूल्हे को दुल्हन ने मारा थप्पड़, शादी से किया इंकार, बैरंग लौटी बारात, एसपी ने किया सम्मानित

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related