नशे में धुत दूल्हे को दुल्हन ने मारा थप्पड़, शादी से किया इंकार, बैरंग लौटी बारात, एसपी ने किया सम्मानित

      Date:

      • जांजगीर-चांपा जिले की घटना बनी चर्चा का विषय, युवती के साहसिक फैसले की हर तरफ हो रही सराहना

      जांजगीर-चांपा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में एक शादी समारोह उस समय अचानक विवाद में बदल गया जब दूल्हे के शराब के नशे में धुत होकर मंडप तक पहुंचने पर दुल्हन ने विवाह करने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, युवती ने नशे में लड़खड़ा रहे दूल्हे को थप्पड़ जड़ते हुए बारात वापस लौटा दी। इस साहसिक फैसले के बाद मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है।

          शादी समारोह

          घटना चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमंदा की है, जहां 23 जून को ग्राम खोखरा निवासी संत कुमार की बारात मुस्कान प्रधान के घर पहुंची थी। शादी की सभी तैयारियां पूरी थीं और परिवार खुशियों में डूबा हुआ था, लेकिन दूल्हे की हरकत ने माहौल बदल दिया। जानकारी के अनुसार, बारात पहुंचने के बाद वधु पक्ष ने स्वागत की रस्में शुरू कीं। इसी दौरान द्वार पूजा के समय दूल्हा शराब के नशे में इतना धुत नजर आया कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। लड़खड़ाते हुए दूल्हे को देखकर दुल्हन मुस्कान प्रधान को स्थिति की जानकारी दी गई। यह जानकर मुस्कान ने तुरंत विवाह से इनकार कर दिया और साफ शब्दों में कहा कि वह किसी शराबी व्यक्ति के साथ अपना जीवन नहीं बिता सकती। शादी से इंकार के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। वधु पक्ष ने दूल्हे और बारातियों को वापस लौटने के लिए कहा, जिस पर दोनों पक्षों के बीच बहस और विवाद शुरू हो गया। दूल्हे की हरकतों से नाराज मुस्कान ने उसे दो से तीन थप्पड़ भी मारे। देखते ही देखते शादी की खुशियां विवाद और तनाव में बदल गईं।

          समझाइश के बाद शांत हुआ मामला

          स्थिति बिगड़ती देख घटना की सूचना चांपा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सीएसपी योगिताबाली खापर्डे और थाना प्रभारी अशोक कुमार ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। बताया जा रहा है कि दूल्हा संत कुमार पूर्व में सगाई समारोह के दौरान भी शराब के नशे में पहुंचा था। उस समय परिवार ने बात को नजरअंदाज कर दिया था, लेकिन शादी के दिन दोबारा वही स्थिति सामने आने पर दुल्हन ने सख्त फैसला लेते हुए शादी तोड़ दी।

           पुलिस अधीक्षक ने किया सम्मानित

          घटना की जानकारी मिलने के बाद जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने मुस्कान प्रधान और उसके परिवार को सम्मानित किया। उन्होंने प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर युवती के साहस की सराहना की। एसपी ने कहा कि यह सिर्फ एक शादी टूटने की घटना नहीं है, बल्कि समाज को नशे के खिलाफ जागरूक करने वाला मजबूत संदेश है। पुलिस अधीक्षक ने मुस्कान प्रधान को जिले में चलाए जा रहे नशामुक्ति जागरूकता अभियान का यूथ आइकन घोषित किया। साथ ही महिला परिवार परामर्श केंद्र जांजगीर में 5 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय पर जिम्मेदारी देने की घोषणा भी की गई। इसके अतिरिक्त समाजसेवियों से युवती की आगे की पढ़ाई में सहयोग करने की अपील भी की गई।

          नशेड़ी के भरोसे जिंदगी नहीं छोड़ सकती : मुस्कान

          मुस्कान प्रधान ने कहा कि शादी जीवन का सबसे महत्वपूर्ण फैसला होता है। किसी भी लड़की को दबाव में आकर गलत समझौता नहीं करना चाहिए। उन्होंने अन्य युवतियों से भी अपील की कि विवाह से पहले लड़के और उसके परिवार की पूरी जानकारी जरूर लें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह अपनी जिंदगी किसी नशे की लत वाले व्यक्ति के भरोसे नहीं छोड़ सकतीं। घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी मुस्कान प्रधान के फैसले की जमकर प्रशंसा हो रही है। लोग इसे महिलाओं के आत्मसम्मान, साहस और नशे के खिलाफ एक सशक्त संदेश के रूप में देख रहे हैं। यह घटना समाज के लिए एक उदाहरण बन गई है कि गलत के खिलाफ आवाज उठाने के लिए साहस जरूरी है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related