5 साल की उम्र में माता-पिता के साथ आया था रायपुर, पिछले साल अभियान के दौरान बांग्लादेश गया और फिर लौटकर संजय नगर में रहने लगा
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। रायपुर में पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर में पुलिस ने दबिश देकर शेख रेहान (31) को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, रेहान करीब 26 साल से रायपुर में रह रहा था और यहां वाहन मैकेनिक का काम करता था। रेहान करीब 5 साल की उम्र में वर्ष 2000 में अपने माता-पिता के साथ रायपुर आया था। इसके बाद उसने यहीं पढ़ाई की और लंबे समय तक रायपुर में रहने के दौरान गाड़ी मैकेनिक का काम शुरू कर दिया।
पुलिस के मुताबिक रेहान संजय नगर में किराए के मकान में रह रहा था। टिकरापारा क्षेत्र में उसकी वाहन मरम्मत की छोटी दुकान भी है। पुलिस का दावा है कि उसने और उसके माता-पिता ने रायपुर में आधार कार्ड और राशन कार्ड समेत कई भारतीय दस्तावेज बनवा लिए थे। उसके पास भारतीय पासपोर्ट भी होने की बात सामने आई है। रेहान वीजा के जरिए बांग्लादेश स्थित अपने पैतृक गांव पार्वतीपुर भी आता-जाता था। उसके दस्तावेज और पासपोर्ट पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। पिछले साल अवैध घुसपैठियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान रेहान अपने माता-पिता के साथ रायपुर से कोलकाता गया था। वहां से सड़क मार्ग के जरिए बांग्लादेश चला गया। कुछ महीने वहां रहने के बाद वह दोबारा भारत आया और अलग-अलग जगहों पर छिपकर रहने लगा। कुछ दिन पहले ही वह रायपुर पहुंचकर संजय नगर में रहने लगा था। पुख्ता सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सोमवार को उसके ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उसके माता-पिता की तलाश कर रही है।
पिछले महीने भी पकड़ा गया था एक बांग्लादेशी
संजय नगर इलाके में पिछले महीने पुलिस ने जमाल करीम (42) नाम के एक अन्य बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, जमाल वर्ष 2013 में अपने माता-पिता के साथ रायपुर आया था। इससे पहले वह पश्चिम बंगाल में रहता था। रायपुर आने के बाद उसने कबाड़ का काम शुरू कर दिया था। पुलिस को उसके पास आधार कार्ड समेत अन्य भारतीय दस्तावेज मिले थे। पुलिस के अनुसार, उसके पिता ने उसके दस्तावेज तैयार करवाए थे। उसके पास रायपुर का आधार कार्ड और निवास प्रमाण-पत्र भी मिला था। जमाल पहले से शादीशुदा था और उसकी पहली पत्नी बांग्लादेश में रहती है। इसके बाद उसने ओडिशा में दूसरी शादी कर ली, जिससे उसके बच्चे भी हैं। अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ अभियान शुरू होने के बाद जमाल ओडिशा चला गया था और कुछ समय वहीं छिपकर रहा। पिछले महीने रायपुर लौटने के बाद पुलिस ने उसे संजय नगर से गिरफ्तार कर लिया। रेहान और जमाल को रायपुर केंद्रीय जेल स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। दोनों से संबंधित जानकारी गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को भेजी गई है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों को बांग्लादेश भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

