बिजली, सड़क व पेयजल की समस्या को लेकर कांग्रेस ने किया आंदोलन का ऐलान, 24 को कलेक्टर को सौंपेगे ज्ञापन

      Date:

      • जिला कांग्रेस की बैठक में बनी रणनीति, 10 दिन में समाधान नहीं हुआ तो निगम कार्यालय का घेराव

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिला कांग्रेस कमेटी की शनिवार को टीपी नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की विशेष मौजूदगी में हुई बैठक में स्मार्ट मीटर बदलने, बढ़े हुए बिजली बिल, 400 यूनिट तक आधे बिजली बिल की योजना बहाल करने, खराब सड़कों और शुद्ध पेयजल जैसे मुद्दों को लेकर आंदोलन की रणनीति तय की गई।

          जिला कांग्रेस कमेटी

          बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि त्योहारों का समय आने वाला है, लेकिन महंगाई लगातार बढ़ रही है। इसका असर रसोई से लेकर सफर तक दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि चीनी की कीमत करीब 40 रुपए किलो से बढ़कर 72 रुपए और प्याज 25 रुपए से बढ़कर 45 रुपए किलो तक पहुंच गया है। रसोई में इस्तेमाल होने वाली अन्य वस्तुओं के दाम भी बढ़े हैं, जिससे आम आदमी और मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले दो वर्षों में पांच बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई है। वहीं 400 यूनिट तक आधे बिजली बिल की योजना में संशोधन कर इसे बंद करने की तैयारी की जा रही है।

          जिला कांग्रेस कमेटी

          नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद के कार्यकाल में विपक्ष के नेता सड़कों की खराब स्थिति को लेकर बजरी-गिट्टी एकत्र कर महापौर के कक्ष तक पहुंच जाते थे। आज शहर की लगभग सभी प्रमुख सड़कों की स्थिति खराब है, लेकिन इस पर जिम्मेदार लोग मौन हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान निगम शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में भी विफल रहा। बिजली, पानी, सड़क और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना शहर सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन निगम के 17 माह के कार्यकाल में लोग इन सुविधाओं से वंचित हैं।

          इस दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, सेवादल अध्यक्ष प्रदीप पुरायणे, अजा प्रकोष्ठ अध्यक्ष नारायण कुर्रे, ओबीसी अध्यक्ष गजानंद साहू, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद, रेखा त्रिपाठी, सपना चौहान, सुधीर जैन, राजेंद्र सिंह ठाकुर, दुष्यंत शर्मा, राजेंद्र तिवारी, बसंत चंद्रा, मनीष शर्मा, जवाहर निर्मलकर, रोपा तिर्की, इकबाल कुरैशी, देवीदयाल तिवारी, पार्षद रवि चंदेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

          निगम के सामने धरना प्रदर्शन की चेतावनी

          जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने बताया कि सड़क, बिजली, पानी और साफ-सफाई की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सोमवार 24 अगस्त को सुबह 10 बजे कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगा। यहां कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर 10 दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर सुधार, मरम्मत और जरूरी निर्माण कार्य शुरू नहीं किए गए तो 11वें और 12वें दिन नगर निगम कार्यालय के सामने विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। बैठक को श्याम सुंदर सोनी ने भी संबोधित किया। बैठक का संचालन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पालुराम साहू ने किया।

          बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठन होगा मजबूत, जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में बनी रणनीति

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related