गांव से शहर तक पहुंचेगी सरकार की योजनाओं की जानकारी, स्वच्छता, पौधरोपण और रक्तदान जैसी गतिविधियों पर जोर
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत चल रही गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने अभियान के शेष कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी, बेहतर समन्वय और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि एक माह तक चलने वाला यह अभियान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि शासन, प्रशासन और आमजन के सामूहिक प्रयास से अभियान को प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों की तिथियां, आयोजन स्थल और रूपरेखा समय पर तय कर निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, गोपाल मोदी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, वनमंडलाधिकारी कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, एडीएम देवेंद्र पटेल सहित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
‘आशीर्वाद का दीया’ की सफलता पर दी बधाई
उप मुख्यमंत्री ने 17 सितंबर को आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की सफलता के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि घर-घर दीप प्रज्वलित कर लोगों ने जिस उत्साह के साथ सहभागिता की, वह जनभागीदारी का उदाहरण है। उन्होंने ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा चित्रकला और भाषण के माध्यम से व्यक्त किए गए विचारों की भी सराहना की। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को भी इसी उत्साह के साथ उत्सव के रूप में आयोजित करने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए।
स्वच्छता, पौधरोपण और रक्तदान पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के तहत गांवों और शहरों में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। नदी-घाटों की सफाई, बड़े स्तर पर पौधरोपण, रक्तदान, अंगदान सहित विभिन्न जनसेवा गतिविधियों में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लोगों को सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और मानवता के प्रति संकल्प दिलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को ‘सेवा की कहानी’ के रूप में आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि वास्तविक लाभार्थियों की प्रेरक कहानियां लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने में मदद करेंगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अभियान के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी व्यापक रूप से पहुंचाई जाए। इसके लिए मुनादी, बैनर, पोस्टर सहित विभिन्न प्रचार माध्यमों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रमों की तारीख, स्वरूप और आयोजन स्थल की जानकारी पहले से उपलब्ध कराने को कहा गया।
सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करें : देवांगन
कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने अभियान की सभी गतिविधियों में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को जिला मुख्यालय तक सीमित न रखते हुए नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को भी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।
जिले में साढ़े पांच लाख से अधिक दीप जले
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बैठक में अभियान की आगामी गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत जिले में साढ़े पांच लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। वहीं ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में जिले के 2034 शासकीय एवं निजी विद्यालयों के एक लाख से अधिक विद्यार्थियों ने विकसित भारत की कल्पना को चित्रकला और अन्य रचनात्मक माध्यमों से प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने बताया कि जिले में अभियान के सुचारु संचालन के लिए विभागवार नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं और अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। सभी विकासखंडों में जनजागरूकता के लिए प्रचार रथ भी रवाना किए गए हैं।
इन कार्यक्रमों का भी होगा आयोजन
अभियान के तहत ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के अंतर्गत चिन्हित 15 विद्यालयों में नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता कार्यक्रम होंगे। ‘आंगन मिलन सेवा’ 25 सितंबर से विभिन्न तिथियों में आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित होगी। इसमें माताओं और बच्चों को पोषण, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान ‘हर घर मुनगा’ के तहत पालकों को पौधे भी वितरित किए जाएंगे। ‘जल सेवा संकल्प’ के तहत हसदेव, लीलागर सहित जिले की अन्य नदियों के किनारे एक लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नदी-घाटों की सफाई सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में नागरिकों को जोड़ा जाएगा। सर्वमंगला घाट पर जनप्रतिनिधियों के सहयोग से स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित होगा और वनवासी कल्याण आश्रम में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इसके अलावा 25 सितंबर को जिला मुख्यालय में दिव्यांग शिविर, स्थानीय उत्पाद मेला, ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’, विकसित भारत संकल्प यात्रा, रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल, राष्ट्रीय नवाचार चुनौती तथा ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से संसद’ जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने कहा कि अभियान के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के साथ राजस्व प्रकरणों का निराकरण भी किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा जनप्रतिनिधियों और आमजन की सहभागिता से अभियान को व्यापक स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है।
सेवा संकल्प अभियान को लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने की समीक्षा, कोरबा में व्यापक आयोजन की तैयारी

