सिद्धार्थ शंभू बनाए गए सह प्रभारी, गोमती साय गुजरात और सौरभ सिंह झारखंड के सह प्रभारी नियुक्त
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। उन्हें छत्तीसगढ़ के साथ-साथ हरियाणा की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। वहीं सिद्धार्थ शंभू को छत्तीसगढ़ का सह प्रभारी बनाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी बनाए जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से नवनियुक्त सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू को भी बधाई दी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि स्मृति ईरानी का राष्ट्रीय स्तर पर लंबा अनुभव, राष्ट्रसेवा और संगठन के प्रति समर्पण छत्तीसगढ़ में भाजपा के संगठनात्मक कार्यों और जनसेवा के संकल्प को और मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थ शम्भू की सक्रिय सहभागिता से संगठन के कार्यों को भी गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने भाजपा के अन्य नवनियुक्त प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों को भी शुभकामनाएं दीं। बता दें कि स्मृति ईरानी को हाल ही में भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिली थी। अब उन्हें दो महत्वपूर्ण राज्यों का संगठनात्मक प्रभार सौंपा गया है। पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर उनके अनुभव और सक्रिय संगठनात्मक भूमिका को देखते हुए यह जिम्मेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
एक महीने पहले ही सामने आया था नाम
स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ प्रभारी बनाए जाने की चर्चा पिछले कुछ समय से चल रही थी। करीब एक महीने पहले ही उनके नाम को इस पद के प्रमुख दावेदारों में बताया गया था। उनके अलावा सुनील बंसल, गजेंद्र पटेल और हरीश द्विवेदी के नामों पर भी चर्चा थी। भाजपा ने अब अलग-अलग राज्यों के लिए प्रभारियों की घोषणा कर दी है। सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल, गजेंद्र पटेल को झारखंड तथा हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक की जिम्मेदारी दी गई है।
छत्तीसगढ़ की दूसरी महिला प्रदेश प्रभारी
स्मृति ईरानी छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी बनने वाली दूसरी महिला नेता हैं। इससे पहले डी. पुरंदेश्वरी इस जिम्मेदारी को संभाल चुकी हैं। स्मृति ईरानी के सामने प्रदेश में सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद स्थापित करने की चुनौती होगी।
गोमती साय और सौरभ सिंह को भी मिली जिम्मेदारी

भाजपा ने छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को भी दूसरे राज्यों में संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। पत्थलगांव विधायक गोमती साय को गुजरात का सह प्रभारी बनाया गया है। वहीं अकलतरा के पूर्व विधायक सौरभ सिंह को झारखंड का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार होने के कारण प्रदेश प्रभारी की भूमिका संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। नए प्रभारी के सामने सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय, पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद, संगठन को मजबूत करना और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए रणनीति तैयार करना प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा।
नितिन नवीन के बाद मिली नई जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ गठन के बाद भाजपा के संगठनात्मक प्रभारी के रूप में कई वरिष्ठ नेताओं ने जिम्मेदारी संभाली है। इनमें धर्मेंद्र प्रधान, जेपी नड्डा, रामशंकर कठेरिया, अनिल जैन, डी. पुरंदेश्वरी और ओम प्रकाश माथुर शामिल रहे हैं। जुलाई 2024 से सितंबर 2026 तक नितिन नवीन छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी रहे। बाद में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। अब सितंबर 2026 से स्मृति ईरानी को प्रदेश प्रभारी और सिद्धार्थ शंभू को सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

