सरकारी स्कूलों में 5 हजार नियमित और स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में 1812 संविदा पदों पर होगी भर्ती
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के सरकारी और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में कुल 6812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार सरकारी स्कूलों में 5 हजार नियमित पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से कराई जाएगी। इन पदों में 2292 सहायक शिक्षक, 200 सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला), 1654 शिक्षक और 854 व्याख्याता के पद शामिल हैं। इनमें ई संवर्ग के 2227 और टी संवर्ग के 2773 पद हैं।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार सहायक शिक्षक की परीक्षा 11 अक्टूबर 2026, शिक्षक की परीक्षा 25 अक्टूबर और व्याख्याता की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को होगी। सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) की परीक्षा की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि व्याख्याता पदों के लिए आवेदन जल्द शुरू किए जाएंगे।
आत्मानंद विद्यालयों में 1812 संविदा पद
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 संविदा शिक्षकीय पदों पर भी भर्ती होगी। इन पदों के लिए पहली बार केंद्रीकृत कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा आयोजित करने की तैयारी है। भर्ती अधिसूचना सितंबर में जारी की जा रही है और ऑनलाइन आवेदन अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है। स्कूल शिक्षा विभाग का कहना है कि इन भर्तियों के माध्यम से सरकारी और उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
आत्मानंद स्कूलों में 1812 पदों पर भर्ती, सहायक शिक्षक के 590 और व्याख्याता के 515 पद

