शराब के नशे में स्कूल पहुंचा हेडमास्टर, बोला- वीडियो बनाओ और जहां भेजना है भेज दो, DEO ने किया सस्पेंड

      Date:

      • वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में किया गया संबद्ध

      जांजगीर-चांपा (AkhandBharatHNKP.Com)। जांजगीर-चांपा जिले के एक सरकारी स्कूल में उस समय हंगामा मच गया, जब हेडमास्टर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का आरोप लगा। पामगढ़ विकासखंड के भांठापारा भुईगांव स्कूल में हेडमास्टर योगेश्वर सिंह कंवर की कथित हरकतों का वीडियो सामने आया है। वीडियो में वे लड़खड़ाते हुए नजर आ रहे हैं और शिक्षकों से विवाद करते सुनाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

          वीडियो में प्रधानाध्यापक यह कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं कि “मेरा वीडियो बनाओ, जहां भेजना है भेज दो।” उन्होंने शिकायत करने पर अधिकारियों तक जाने की बात भी कही। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला जिला प्रशासन तक पहुंचा। बताया गया कि हेडमास्टर और एक महिला शिक्षक के बीच पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि नशे की हालत में हेडमास्टर ने बच्चों के सामने महिला शिक्षक का अपमान किया और उसके पढ़ाने के तरीके पर टिप्पणी की। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव के जनप्रतिनिधि भी स्कूल पहुंचे और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान हेडमास्टर की हरकतों का वीडियो बना लिया गया, जो बाद में सामने आया और प्रसारित होने लगा।

          कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई

          वीडियो सामने आने के बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी मनोहर प्रताप सिंह ने बताया कि प्रधानाध्यापक के शराब के नशे में स्कूल पहुंचने की जानकारी और वीडियो सामने आने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें पामगढ़ विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संबद्ध किया गया है।

          स्कूलों में अनुशासन पर नजर रखने के निर्देश

          कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को जिले के स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षकों की उपस्थिति, अनुशासन और कार्यप्रणाली पर निगरानी रखने के साथ ही नशे या अनुशासनहीनता से जुड़ी शिकायतों की जानकारी जुटाने को कहा गया है। कलेक्टर ने ऐसे मामलों की जांच कर दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूर्व में अनुशासनहीनता से जुड़े मामलों में की गई विभागीय कार्रवाई की जानकारी भी मांगी गई है।

          सरकारी स्कूल के हेडमास्टर पर छात्राओं ने लगाया अश्लील हरकत का आरोप, हंगामे के बाद पहुंची पुलिस

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related