ईरान को 37-34 से हराकर लगातार पांचवीं बार पदक अपने नाम किया; स्क्वॉश में फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय बनीं अनाहत सिंह
नागोया (जापान) (एजेंसी)। एशियन गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। महिला कबड्डी टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय महिला कबड्डी टीम ने लगातार पांचवीं बार एशियन गेम्स में पदक जीतने की उपलब्धि हासिल की है। महिला कबड्डी के इस स्वर्ण के साथ भारत के स्वर्ण पदकों की संख्या तीन हो गई है। भारतीय खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की संख्या भी लगातार बढ़ाई है।

स्क्वॉश में युवा खिलाड़ी अनाहत सिंह ने भी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने महिला एकल वर्ग के फाइनल में जगह बनाकर इतिहास रच दिया। अनाहत एशियन गेम्स के महिला एकल स्क्वॉश फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। उनकी इस उपलब्धि से स्क्वॉश में भारत की स्वर्ण पदक की उम्मीदें बढ़ गई हैं। भारत को पुरुष मैराथन में भी लंबे इंतजार के बाद पदक मिला। धावक सावन बरवाल ने 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड का समय निकालकर रजत पदक जीता। इस स्पर्धा में भारत ने 44 साल बाद पदक हासिल किया है। इससे पहले 1982 के दिल्ली एशियन गेम्स में भारत ने इस स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।
निशानेबाजी में भी रजत
महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में भारतीय टीम ने रजत पदक हासिल किया। टीम में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदार्शा विनोद शामिल थीं। इस पदक के साथ निशानेबाजी में भारत के पदकों की संख्या 11 हो गई है। इनमें एक स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं। एशियन गेम्स में भारत के कुल पदकों की संख्या 27 हो गई है। इनमें 3 स्वर्ण, 11 रजत और 13 कांस्य पदक शामिल हैं। हालांकि कुल पदकों की संख्या बढ़ने के बावजूद पदक तालिका में भारत 12वें स्थान पर बना हुआ है।

